समाज भी हमारा परिवार और यह बढ़ेगा तो हम भी बढ़ेगेः विशाखा

1 min read
Share this

*महाराष्ट्र मंडल के अमलीडीह महिला केंद्र की मासिक बैठक में पहुंची महिला प्रमुख*
रायपुर। जिस तरह हम अपने परिवार को आगे बढ़ाने और उसके विकास के बारे में सोचते हैं, उसी तरह समाज भी एक परिवार की तरह है, जिसे आगे बढ़ाने और उसके विकास के बारे में हमें सोचना होगा। समाज के लिए कुछ अच्छा करना होगा, तभी तो समाज आगे बढ़ेगा और हम भी। उक्ताशय के विचार महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने अमलीडीह महिला केंद्र की मासिक बैठक में के दौरान कही।
विशाखा ने कहा कि महिलाएं घर और बाहर की दोहरी जिम्मेदारी का निर्वहन करती हैं। इसके साथ समाज को समय देना अपने आप में वंदनीय कार्य है। महाराष्ट्र मंडल से जुड़ी महिलाएं, उसके महिला केंद्र की सदस्य सामाजिक गतिविधियों पर शामिल होकर समाज को सशक्त बनाने की दिशा में सतत् कार्य करती हैं। अमलीडीह केंद्र की संयोजिका और सह संयोजिकाओं की जिम्मेदारी इसे लेकर और अधिक बढ़ जाती है। क्योंकि जिन पर भरोसा होता है, उसे ही जिम्मेदारी दी जाती है। ऐसे में संयोजिकाओं और सह संयोजिकाओं की सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
बैठक में पहुंची सखी निवास की प्रभारी नमिता शेष ने कहा कि समाज में रहकर समाज के लिए अच्छा कार्य करने का मौका सभी को नहीं मिल पाता। महाराष्ट्र मंडल की महिला ‌‍‍‌‍सदस्यों को यह मौका मिला है। मैं आप सभी नए और पुराने सदस्यों से कहना चाहूंगी कि वे इस अवसर का लाभ अवश्य लें क्योंकि समाजसेवा ही एक ऐसा कार्य है, जहां निःस्वार्थ भाव से किया जाता है। निःस्वार्थ सेवा का लाभ भी हमें मिलता है। आज हुई बैठक में अर्चना भाकरे, अर्चना धर्माधिकारी, अक्षरा भगाडे, नीता डूमरे, प्रेरणा सप्रे, शोभा सोनाये, संध्या फुलझेले, पूजा चौधरी, अचला वैद्य सहित अनेक महिला सभासद प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।