लोगों से लाखों रुपए ठगने वाला फर्जी बाबा नौशाद अली अंबिकापुर में गिरफ्तार

1 min read
Share this

00 कहता था – मैं रुहानी ताकतों का मालिक हूं
अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर में बाबे शिफा के नाम अवैध धंधा चलाने वाले फर्जी बाबा उत्तर प्रदेश के चांदा सुल्तानपुर निवासी नौशाल अली को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जांच शुरु कर दी है। वह खुद को रुहानी ताकतों का मालिक और खुदा का मसीहा बताता था। वह बेऔलादों को औलाद, बीमारी ठीक करने तथा रुहानी ताकतों से हुई समस्या को जादू-टोने से ठीक करने का दावा करता था। उसके झांसे में आकर शहर समेत अन्य जगहों के लोगों ने लाखों रुपए गवां दिए। अब तक 40 लाख रुपए की ठगी की बात उसके द्वारा कही जा रही है।
शहर के मोमिनपुरा निवासी यासिर अंसारी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी शहर के अग्रसेन चौक के पास जूते-चप्पल की दुकान है। उसे पता चला था कि शहर के रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर उत्तर प्रदेश के चांदा सुल्तानपुर निवासी सूफी सईद बाबा आए हैं। उनका नाम नौशाद अली है। वे बीमारी ठीक करने के साथ जादू-टोने से लोगों की समस्याएं दूर करते हैं। वे दीपक खान के जिस घर में यह अवैध धंधा चला रहा है उसका नाम बाबे शिफा है। कथित बाबा ने उसे झांसे में लेकर 75 हजार रुपए ले लिए। वहीं उसने मोमिनपुरा में रहने वाले दर्जनों लोगों व बैकुंठपुर निवासी बाबा खान से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की है। उसका कहना है कि वह नि:संतानों को संतान दे सकता है।
कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार फर्जी बाबा ने जिन लोगों से लाखों रुपए ऐंठे हैं, उनमें यासिर खान से 75 हजार रुपए, बैकुंठपुर निवासी बाबा खान से करीब 9 लाख रुपए, आदिल से 10 हजार, शोएब अख्तर से 20 हजार, समीर सिद्दीकी से 20 हजार, लारेब अहमद से 20 हजार तथा रसूलपुर निवासी शाहिद से 4 लाख रुपए शामिल हैं। इसके अलावा फर्जी बाबा ने कई अन्य लोगों से भी ठगी की है। लोगों ने उसे फोन पे समेत अन्य माध्यम से रुपए दिए हैं। इसकी स्क्रीनशॉट भी उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराई है।
फर्जी बाबा के झांसे में आकर ठगी के शिकार हुए लोगों ने मंगलवार की रात कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाबा को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर काफी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे थे। इसके अलावा फर्जी बाबा के निवास स्थल का भी उन्होंने घेराव किया था। हंगामे को देखते हुए कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। इसी बीच पुलिस ने फर्जी बाबा नौशाद अली पिता निसार अली के खिलाफ बीएनएस की धारा 18(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

This will close in 0 seconds