सारंगढ़ जिला शिक्षा अधिकारी निलंबित, रायगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार
1 min readShare this
सारंगढ़। छ0ग0 माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी परीक्षा (01 मार्च से 28 मार्च 2025 तक) एवं हाईस्कूल की परीक्षा (03 मार्च से 24 मार्च 2025 तक) आयोजित की गई थी। जिले में स्थित परीक्षा केन्द्रों का सघन निरीक्षण करने एवं अनुचित साधन की रोकथाम तथा परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्था बनाये रखने हेतु कलेक्टर जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ द्वारा जिला स्तरीय उडऩ दस्ता दल गठित किया गया था। एल.पी पटेल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जिला सांरगढ़ बिलाईगढ़ द्वारा कलेक्टर के बिना अनुमोदन/निर्देश प्राप्त किये बिना ही उडऩदस्ता दल में परिवर्तन / संशोधन किया गया। साथ ही इनके द्वारा तत्कालीन प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, सारंगढ-बिलाईगढ को धमकी, अभद्रता एवं दुर्व्यहार (गाली-गलौज) एवं वेतन आहरण न करने तथा मानसिक रूप से प्रताडि़त करने की शिकायत के संबंध में कारण बातओ सूचना पत्र का जवाब नहीं दिया गया।
उक्त संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी सांरगढ बिलाईगढ़ को कलेक्टर सांरगढ़ बिलाईगढ़ द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। श्री पटेल, के द्वारा प्रस्तुत प्रतिवाद संतोषप्रद नही पाया गया। श्री एल.पी पटेल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, सारंगढ-बिलाईगढ़ का उक्त कृत्य छ0ग0 सिविल सेवा (आचरण) नियम-1965 के नियम-3 के विपरीत कदाचार की श्रेणी में आता है। अतएव, राज्य शासन, एतद्वारा, श्री एल.पी पटेल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, सारंगढ-बिलाईगढ को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए, इनका मुख्यालय कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर नियत किया जाता है। जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ को जिला शिक्षा अधिकारी, सारंगढ-बिलाईगढ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाता है। निलंबन अवधि में श्री पटेल को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

