श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर राजधानी रायपुर में भव्य नगर कीर्तन
1 min read
Share this
00 लंगर सेवा की झांकी रही विशेष आकर्षण का केंद्र
रायपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में भव्य शोभायात्रा एवं नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह गुरु नानक नाम लेवा संगत एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
नगर कीर्तन में पंज प्यारों की अगुवाई, गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक झांकियों गतका टीम द्वारा हैरतअंगेज करतब के बीच लंगर सेवा को प्रदर्शित करती झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी में लंगर तैयार करने में जुटी संगत और पंगत में बैठकर लंगर छकते दृश्य को दर्शाया गया। इसके माध्यम से गुरु नानक देव जी के संदेश नाम जपो, किरत करो, वंड छको और मानवता की निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया। झांकी को श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। लंगर परंपरा इसी शिक्षा का जीवंत उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल भी गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सेवा कार्यों में सक्रिय है। कोरोना काल में 50 हजार से अधिक मास्क वितरण, ऑक्सीजन सेवा, रायपुर से दुर्ग तक निःशुल्क बस सेवा, महिलाओं के लिए हुनर का लंगर एवं जरूरतमंदों के लिए शव वाहन सेवा जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल के गगन सिंह हंसपाल, गुरदीप टुटेजा, रतनजीत कौर, राजविंदर, राजवीर छाबड़ा एवं राजू गुंबर सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्री छाबड़ा ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता की सेवा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।

