रेकॉर्ड साझेदारी के साथ इंग्लैंड ने मैच और सीरीज जीती
1 min read
Share this
साउथैम्प्टन(इंग्लैंड)। मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गये तीसरे और अंतिम टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड की बेन डकेट और जैमी स्मिथ की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट की तेजतर्रार साझेदारी (53 गेंदों में 120 रन ) करते हुए नया रेकार्ड बनाया । इस सलामी जोड़ी की रेकॉर्ड साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने 3 विकेट के नुकसान पर 248 का स्कोर खड़ा किया और वेस्टइंडीज को 8 विकेट के नुकसान पर 211 रनों पर रोकते हुए मैच 37 रन से और टी-20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
डकेट और स्मिथ ने साउथैम्प्टन में खेले गए मुकाबले में केवल 53 गेंदों में 120 रन की तेजतर्रार साझेदारी की। दोनों ने मिलकर 13.58 के रन रेट से रन बनाए। इंग्लिश जोड़ी ने तूफानी अंदाज में शतकीय साझेदारी करके एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया।डकेट और स्मिथ ने शतकीय साझेदारी करके इतिहास रच दिया। दोनों ने इंग्लैंड की धरती पर सबसे तेज शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड कायम किया और 16 साल पुराने क्रिस गेल व आंद्रे फ्लेचर का रिकॉर्ड तोड़ा। गेल-फ्लेचर ने 2009 में इंग्लैंड की धरती पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड स्थापित किया था
इंग्लैंड में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में केवल तीन ओपनिंग जोड़ियां हैं, जिन्होंने 10 से ज्यादा रन रेट से शतकीय साझेदारी पूरी की। तीसरी जोड़ी पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की है, जिन्होंने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ 10.2 रन रेट के साथ 150 रन जोड़े थे।बेन डकेट और जैमी स्मिथ पहली इंग्लिश जोड़ी बनी, जिन्होंने दुनिया में कही भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 13 या ज्यादा के रन रेट से शतकीय साझेदारी पूरी की। इससे पहले यह रिकॉर्ड जोस बटलर और फिल सॉल्ट के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2024 में बारबाडोस में 12.10 के रन रेट के साथ 117 रन की साझेदारी की थी।
इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज का तीन टी-20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। मेजबान ने पहला टी-20 21 रन और दूसरा टी-20 4 विकेट से जीता था।
