November 24, 2026

धुआंधार ,ताबड़तोड़,2245 चौके 1294छक्के

1 min read
Share this

*संजय दुबे*
अठारहवां आईपीएल नए विजेता की ताजपोशी कर अपने अगले मुकाम के लिए बोरिया बिस्तर बांध लिया।इस साल का आईपीएल कई मायने में याद रखा जाएगा।जैसे जैसे आईपीएल की उम्र बढ़ रही है वैसे वैसे खेल का ट्रेंड भी बदलते जा रहा है। इस साल 26,381रन 74मैच में बने। इस रन संख्या में 1294छक्के और2245 चौके लगे याने 7764रन छक्के से आए और 8980रन चौके की मदद से बने। 16744रन केवल चौंके और छक्कों की मदद से बने। 64फीसदी रन में बॉल या तो बाउंड्री के बाहर टिप्पा खाकर गई या बिना टिप्पा खाए उड़ी।
क्रिकेट में केवल टेस्ट फॉर्मेट होने पर बैट्समैन से उम्मीद की जाती थी कि वह कापी बुक स्टाइल में खेले। ग्राउंड शॉट लगाए। क्लासिक ड्राइव मारे। पाकिस्तान में अपने शुरुआती टेस्ट खेलने गए कपिलदेव ने एक मैच में तीन छक्के लगाकर फॉलोआन
बचा लिया। बड़े खुश थे कपिलदेव। अपने रूम पार्टनर प्रसन्ना से अपनी बैटिंग के बारे में पूछा तो प्रसन्ना ने बताया कि “कप्तान बेदी नाराज़ है। डांट पड़ेगी, ऐसा नहीं खेला जाता है।” हुआ भी ऐसा।कप्तान बेदी ने रूम में आकर कपिलदेव को जिम्मेदार क्रिकेट खेलने की सलाह दे दी। टेस्ट के बाद वनडे ने बल्लेबाजों को निर्भीक बनाया और छक्के लगाने का दौर शुरू हुआ। टी ट्वेंटी के आने के बाद तो माहौल ही बदल गया है।अब छक्के लगाने वाले हीरो हुआ करते है।
क्रिकेट खेल में ऐसे ऐसे शॉट। देखने को मिलते है कि कई बार तो विश्वास नहीं होता है। । विकेटकीपर के सिर के पीछे 90 डिग्री का छक्का अद्भुद शॉट है। सूर्य कुमार यादव को तो 360 डिग्री का खिलाड़ी माना जाता है। क्रिस गेल को तो एक दो रन लेने में नानी मरती थी। टी ट्वेंटी के किसी भी संस्करण में सबसे अधिक175 रन बनाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू के क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 2013में इस पारी में 17छक्के और13 चौके जड़े थे। ये रिकॉर्ड आज भी बल्लेबाजों को तोड़ने केलिए चुनौती बना हुआ है। गेल ने 102रन छक्के और 52रन चौके की मदद से बनाए थे।केवल 21रन दौड़ कर बनाए थे। 265के स्ट्राइक रेट से बने इस पारी को नायाब पारी माना जाता है। क्रिस गेल आईपीएल में आज भी सबसे अधिक357छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने हुए है। गेल से पीछे रोहित शर्मा है जो 302छक्के लगाए है। विराट कोहली 291 छक्के लगाकर तीसरे क्रम पर है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को गेल के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए कम से कम चार आईपीएल खेलना पड़ेगा।
बहरहाल, छक्के लगाने का एक ही मतलब है, आत्मविश्वास से भरपूर बल्लेबाज,जो किसी भी स्थापित गेंदबाज की लाइन लेंथ बिगाड़ सकता है। बुमराह को गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है । गुजरात टाइटंस के वॉशिंगटन सुंदर को यार्कर में जिस तरह से आउट किया था वो सालों तक देखा जा सकता है।इसी बुमराह को किंग्स इलेवन पंजाब के जॉन इंगनिस ने एक ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़ दिए थे।ये भी सालों तक देखा जाने वाला ओवर रहेगा।

This will close in 0 seconds