छग में जल्द होगा लोक जनशक्ति पार्टी का विस्तार, संगठन को मजबूत करने लगातार आएंगे छग – चिराग
1 min read
Share this
रायपुर। लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां माना विमानतल पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोशिला स्वागत किया। विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वे लगातार छत्तीसगढ़ आएंगे और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए वे यहां पार्टी का विस्तार करेंगे। साथ ही वे कार्यकर्ताओं से चर्चा करने के लिए छत्तीसगढ़ आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ में पार्टी के विचारधारा के लोग काफी संख्या में रहते है और उन्हें पार्टी से जुडऩे की कोशिश वे जरुर करेंगे।
केंद्रीय मंत्री पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर संकेत देते हुए कहा कि मैं केंद्र की राजनीति में अपने आप को बहुत लंबे समय तक नहीं देखता हूं, मेरी राजनीति में आने का कारण बिहार और बिहारी रहे हैं। मेरी इच्छा है कि मेरा राज्य बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में आए, इसी सोच के साथ मैं राजनीति में आया हूं और दिल्ली में रहकर संभव नहीं होगा। मैंने पार्टी के समक्ष अपनी इच्छा रखी थी, मैं जल्द बिहार वापस जाना चाहता हूं। मेरे चुनाव लडऩे से पार्टी को फायदा होगा। भारतीय जनता पार्टी ने उनका कई बार प्रयोग किया है और सांसदों को चुनाव में उतारने से विधानसभा में उनको (भाजपा) को बहुत फायदा हुआ. मैं चाहता हूं कि विधानसभा में जितनी सीटों पर में चुनाव लडू मेरा स्ट्राइक रेट बेहतर हो, तो मैं जरूर लडूंगा। केंद्रीय मंत्री पासवान ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद की कोई वैकेंसी नहीं है और नीतीश कुमार ही चुनाव परिणाम आने के बाद भी मुख्यमंत्री बनेंगे।
