बस्तर के पूर्व केन्द्रीय मंत्री नेताम नागपुर में आरएसएस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे
1 min read
Share this
जगदलपुर। बस्तर संभाग के कांकेर से पांच बार के सांसद एवं इंदिरा गांधी और पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में मंत्री रह चुके, पूर्व केन्द्रीय मंत्री रहे आदिवासी नेता अरविंद नेताम उम्र 82 वर्ष ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा 5 जून को नागपुर में अपने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाना उनका बड़प्पन है, और मेरा सौभाग्य है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार अच्छे हैं, पर मैं उम्र के इस पड़ाव में संघ में शामिल होने नहीं, मैं देश के आदिवासी राज्यों की बात रखने जा रहा हूं। इस कार्यक्रम को मोहन भागवत सम्बोधित करेंगे।
अरविंद नेताम ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय के समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आगामी 5 जून को नागपुर में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जल-जंगल-जमीन, धर्मांतरण, औद्योगिक नीति को लेकर अपनी बात रखेंगे। हमारी पुरानी मांग आदिवासी समुदाय के धर्मकोड की मांग को भी रखेंगे, क्योंकि जनगणना में हिंदु लिखाया जाता है। उन्होने कहा कि आदिवासी इलाकों में बड़े पैमाने पर औद्यागिकरण किया जा रहा है, जिससे बदलाव तो आयेगा, लेकिन बस्तर के आदिवासी इलाके के लोग कहां जायेगें पता नहीं चलेगा, क्योंकि औद्योगिकरण से बाहरी लोगों का प्रवेश अधिक होगा। श्री नेताम ने कहा कि राष्टीय स्वयं सेवक संघ राष्टहित और आदिवासी हित में काम करने वाला एकमात्र संगठन है। मगर भारतीय जनता पार्टी के विचारधारा के कारण आदिवासियों के बीच में खाई बड़ी है, जिसे पाटने की जरूरत है। उन्होंने संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में उन्हें बुलाया जाना मेरा सौभाग्य है और इसके लिए मैं आभारी हूं, परंतु इस उम्र के इस पड़ाव में संघ में शामिल होना नामुमकिन है।
