धमतरी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा भर्ती में नियमों की हुई अवहेलना, पर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं

1 min read
Share this

रायपुर। विधायक ओंकार साहू ने बजट सत्र 2025 में पूछे गए अता. प्रश्न संख्या 55 (क्रमांक 2209), दिनांक 18.03.2025 के उत्तर में धमतरी जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा भर्ती में नियमों की अवहेलना तथा 15वें वित्त आयोग मद से खरीदी में गंभीर वित्तीय अनियमितता पाई गई है? का मामला विधानसभा में उठाया। लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि जिला धमतरी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा भर्ती में नियमों की अवहेलना हुई है परन्तु 15वें वित्त आयोग मद से जिला धमतरी में किसी भी प्रकार की खरीदी नहीं की गई है। अत: खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है।
ओंकार साहू ने फिर पूछा कि उक्त अनियमितताओं के संबंध में की गई जांच में दोषी पाए गए किस-किस अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध अब तक क्या प्रशासनिक, विभागीय अथवा दंडात्मक कार्रवाई की गई है? कृपया पृथक-पृथक विवरण सहित दिनांकवार जानकारी प्रस्तुत की जाए? स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिला धमतरी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा भर्ती के संबंध में जांच समिति द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन अनुसार जिला प्रबंधक (मानव संसाधन) द्वारा भर्ती अनियमितता उल्लेखित है, उपरोक्त संबंध में राज्य कार्यालय द्वारा जिला प्रबंध-प्रशिक्षण/मानव संसाधन को भर्ती में अनियमितता के संबंध में कारण बताओ नोटिस पत्र क्रमांक एनएचएम / एचआर/2025/129/3651, दिनांक 04.02.2025 जारी किया गया। जिला प्रबंधक के प्रतिउत्तर के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
विधायक साहू ने पूछा कि क्या शासन द्वारा लोक वित्तीय दायित्व एवं बजट उत्तरदायित्व अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ वित्तीय नियम का उल्लंघन कर संविदा नियुक्ति एवं खरीदी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को सेवा से पृथक करने की अनुशंसा की गई है? यदि नहीं, तो इसके कारणों की स्पष्ट जानकारी दी जाए? इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संविदा भर्ती में हुई अनियमितता के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।