नक्सलियों के प्रेशर आईईडी विस्फोट से तीन ग्रामीण घायल
1 min read
Share this
बीजापुर। मद्देड़ थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम धनगोल के जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाये गये प्रेशर आईईडी के विस्फोट की चपेट में आने से तीन ग्रामीण कविता कुडिय़म, कोरसे संतोष एवं चिड़ेम कन्हैया घायल हो गए हैं। प्रेशर आईईडी के विस्फोट की यह घटना तब हुई जब ग्रामीण जंगल में मशरूम-फुटु निकालने के लिए धनगोल के जंगल गये थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्रों में जाने परअत्यधिक सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि अथवा विस्फोटक जैसे उपकरणों की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को दें।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण जब धनगोल के जंगलों में मशरूम-फुटू निकालने गए, तभी वहां पहले से नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी पर उनके कदम पडऩे से जोरदार विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में तीन ग्रामीण घायल हो गए हैं। घायल ग्रामीणों की पहचान कविता कुडिय़म पिता नागैया, उम्र 16 वर्ष, कोरसे संतोष पिता लच्छा, उम्र 26 वर्ष व चिड़ेम कन्हैया पिता किस्टैया उम्र 24 वर्ष शामिल है। तीनों घायल ग्राम धनगोल थाना मद्देड़, जिला बीजापुर के निवासी हैं। आईईडी विस्फोट से घायलों को पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही घायलों को आज सोमवार सुबह 108 एंबूलेस से उपचर के लिए जिला बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
