November 27, 2026

52 किलो चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियों 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद के साथ दो गिरफ्तार

1 min read
Share this

महासमुंद। बसना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकदी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि जप्त सामग्री की कीमत लगभग 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये बताई गई है।
बसना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 नवंबर को पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में उमेश कंसारी निवासी गोबरानवापारा, रायपुर और रोशन कुमार साहू निवासी बेलटूकरी, गरियाबंद सवार थे। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले बैग से चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन, बर्तन, मूर्तियां और चांदी जैसी छह सिल्लियां बरामद हुईं। बरामद सामग्री का कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम है, जिसकी कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी और नकदी के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज, जीएसटी बिल, ई-वे बिल और परिवहन संबंधी कागजात मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध संपत्ति मानते हुए चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल कार को सीलबंद कर जब्त करने के साथ ही दोनों आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया।

This will close in 0 seconds