Home Page Popup
November 19, 2026

धार्मिक मर्यादा बनाए रखने और पूरी संगत को एक साथ जोडऩे के उद्देध्य से 17 पालकियों की जगह निकलेगी एक मुख्य पालकी

1 min read
Share this
00 गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व कल निकलेगी नगर कीर्तन रायपुर। सिख पंथ के पहले गुरु, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर 20 नवंबर को राजधानी रायपुर में नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इस बार नगर कीर्तन में बस्तर से आने वाला आदिवासी नृत्य दल भी प्रस्तुति देगा। वहीं, 17 अलग-अलग पालकियों की जगह इस बार एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी। इसके साथ पूरी संगत एक साथ शबद-कीर्तन करते हुए चलेगी। नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इन्द्रजीत सिंघ छाबड़ा ने बताया कि इस बार केवल एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य नगर कीर्तन की धार्मिक मर्यादा बनाए रखना और पूरी संगत को एक साथ जोडऩा है। मुख्य पालकी के आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे चलेंगे। स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 साल पुरानी है। हर साल गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर यह आयोजन किया जाता है। इस बार 20 नवंबर को दोपहर 2 बजे नगर कीर्तन शुरू होगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, इस आयोजन के जरिए 327 साल पुरानी पंज प्यारों की परंपरा को भी आगे बढ़ाया जाएगा। नगर कीर्तन की अगुवाई करने वाले पांच पंज प्यारों का चयन धार्मिक नियमों के अनुसार किया जाता है। इसके लिए अमृतधारी सिख होना, रोजाना पांच बाणियों का पाठ करना और जीवन में अनुशासन का पालन करना जरूरी है। इस बार हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया है। नगर कीर्तन के दौरान जत्थेदार पंज प्यारों का मार्गदर्शन करेंगे। स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इन्द्रजीत सिंघ छाबड़ा ने बताया कि इस बार नगर कीर्तन में बस्तर से आने वाला आदिवासी नृतक दल भी अपनी प्रस्तुति देगा। नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में इसे अनुशासित और धार्मिक माहौल में निकालने के लिए कई फैसले लिए गए। इसके तहत डीजे और तेज आवाज वाले स्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। केवल सामान्य माइक से गुरबाणी और शबद-कीर्तन का प्रसारण किया जाएगा, ताकि सभी लोग इसे साफ सुन सकें। इसके अलावा बाइक रैली में स्टंट करने और आतिशबाजी करने पर भी रोक रहेगी। रायपुर ट्रैफिक एडिशनल डीसीपी आरके बर्मन ने बताया कि नगर कीर्तन 20 नवंबर को दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू होगा। यहां से यात्रा गुरु गोविंद सिंह चौक, फाफाडीह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक होते हुए तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब पहुंचेगी। 24 नवंबर को खालसा स्कूल में सजेगा मुख्य दीवान गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को खालसा स्कूल में होगा। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शबद, कीर्तन और पाठ का कार्यक्रम होगा। इसमें अमृतसर से आए प्रसिद्ध रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन करेंगे। कार्यक्रम के बाद संगत के लिए लंगर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष दीवान सजेगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सभी संगतों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।