कचनार लैम्प्स की समिति प्रबंधक बी. ललिता राव निलंबित
1 min read
Share this
जगदलपुर। बस्तर जिले के कचनार लैम्प्स में खाद वितरण और किसानों के बैंक खातों में कथित गड़बडिय़ों के मामले में पूर्व प्रभारी समिति प्रबंधक ललिता राव को निलंबित कर दिया गया है। किसानों का आरोप था कि समिति पहुंचने पर उन्हें खाद उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया जाता था, लेकिन दूसरी ओर उनके खातों में खाद के नाम पर कर्ज की प्रविष्टियां दर्ज मिल रही थीं। कुछ किसानों ने यह भी शिकायत की थी कि उनके फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर खाद का उठाव दर्शाया गया है।
कचनार लैम्प्स कार्यालय से जारी निलंबन आदेश में छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी सेवा नियम 2018 का उल्लेख किया गया है। आदेश के अनुसार, ललिता राव पर प्रबंधकीय कर्तव्य सूची में निर्धारित जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने, काम में लापरवाही बरतने और बिना पूर्व सूचना कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने जैसे आरोप लगाए गए हैं। जारी आदेश की प्रतिलिपि सहकारिता विभाग के उप आयुक्त एवं उप पंजीयक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और बकावंड शाखा प्रबंधक को भी भेजी गई है।

