Home Page Popup

नक्सलवाद के खत्मे से बस्तर के 7 जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के बढ़ रहे अवसर

1 min read
Share this

जगदलपुर। बस्तर संभाग के सातों जिलों में नक्सलवाद का असर खत्म होने के साथ विकास की नई शुरुआत हो रही है। बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव और सुकमा के अंदरूनी गांवों में अब शांति, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। कभी हिंसा और डर के साये में रहने वाले इन इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास तेज हुए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और कमाई के नए रास्ते भी तैयार किए जा रहे हैं।
नक्सलवाद के दौर में बस्तर के कई अंदरूनी गांवों में लोगों को लगातार हिंसा, धमकियों और असुरक्षा का सामना करना पड़ता था। कई गांवों में स्कूल, पक्की सड़कें, पुल और स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं थीं। सड़क और मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से इन इलाकों का दूसरे क्षेत्रों से संपर्क भी मुश्किल था।नक्सली प्रभाव के कारण कई जगह सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पाता था। इससे ग्रामीण विकास की मुख्यधारा से दूर रह गए थे। सुरक्षाबलों की सक्रियता और प्रशासन की पहुंच बढऩे से अंदरूनी इलाकों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। गांवों को जोडऩे के लिए सड़कें और पुल बनाए जा रहे हैं। परिवहन सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों, आश्रम शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के बेहतर अवसर देने की कोशिश हो रही है। वहीं, हाट-बाजार क्लीनिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। दूरस्थ गांवों में बिजली, मोबाइल टावर और इंटरनेट कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को संचार सुविधाओं के साथ सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी। प्रशासन की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे।
बस्तर में स्थानीय उपज और वनोपज के जरिए रोजगार बढ़ाने की संभावनाएं हैं। हल्दी, इमली, कोदो-कुटकी और बांस जैसी उपज को बढ़ावा दिया जा रहा है। महुआ, तेंदूपत्ता, लाख और शहद के संग्रहण के साथ इनके प्रसंस्करण और बेहतर कीमत दिलाने पर भी जोर है। इससे स्थानीय लोगों को अपने गांव और क्षेत्र में ही कमाई के अवसर मिल सकते हैं। महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण और हस्तशिल्प जैसे कामों में प्रशिक्षण देने के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, छात्रवृत्ति और कौशल विकास के जरिए युवाओं को आगे बढऩे का मौका देने की कोशिश की जा रही है।
बस्तर के जलप्रपात, जंगल और जनजातीय संस्कृति पर्यटन के लिहाज से खास पहचान रखते हैं। इन जगहों को पर्यटन से जोडऩे पर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बन सकते हैं। इससे स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी पहचान मिलेगी। माहौल देने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जोडऩा है। अब विकास के साथ लोगों का भरोसा जीतने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। बंदूक की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और अलगाव की जगह जुड़ाव का संदेश देते हुए बस्तर को नई पहचान देने की कोशिश की जा रही है। शांति, सुरक्षा, संवाद और लोगों की भागीदारी से बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में काम किया जा रहा है।
बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होकर संपूर्ण बस्तर संभाग शांति, सुरक्षा और विकास के एक नए युग की ओर अग्रसर है। हमारा उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना ही नहीं, बल्कि दूरस्थ अंचलों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक के मन में विश्वास पैदा करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की मुख्यधारा से जोडऩा भी है। उन्होंने कहा कि बस्तर के समग्र विकास, जनविश्वास की मजबूती और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए पुलिस, प्रशासन और आम जनता के समन्वित प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।