एशियाई क्रिकेट के सिरमौर भारत ने अपने स्वर्ण को बचाया
1 min read
Share this
नई दिल्ली। एशियाई खेलों की क्रिकेट स्पर्धा गत वर्ष की स्वर्ण पदक धारी भारत ने अपने पदक की रक्षा करते हुए अंतिम खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से पराजित करते हुए एशियाई क्रिकेट का सिरमौर बना हुआ है। पाकिस्तान को रजत पदक से और श्रीलंका को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
पाकिस्तानी टीम ने भारत की आतीशी बल्लेबाजी के बाद उसकी धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी तरह से हथियार डाल दिये।टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के 28 गेंदों पर 61 रनों की व तिलक वर्मा की 22 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की आतीशी पारियों के दम पर 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 211 रन बनाए। 212 रनों के विजय लक्ष्य को लेकर मैदान में उतरी पाकिस्तानी टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बाद 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया में सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं। उन्होंने शुरुआत अच्छी की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। साइम अयूब ने उन्हें आउट किया। वैभव ने दो छक्कों की मदद से नौ गेंदों पर 15 रन बनाए। उनके बाद आए संजू सैमसन सिर्फ दो रन ही बना सके। इस बीच अभिषेक अपनी तूफानी बैटिंग से भारत का स्कोरबोर्ड चला रहे थे। 93 रनों के कुल स्कोर पर अराफात मिन्हास ने उनकी पारी का अंत कर दिया। उनके बाद ईशान किशन (20) और कप्तान श्रेयस अय्यर (21) ज्यादा तेजी नहीं दिखा पाए और आउट हो गए।
शिवम दुबे ने आते ही कुछ बड़े शॉट्स मारे और तिलक ने उनका साथ दिया। दुबे 15 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक ने आखिरी ओवर की पाचवीं गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और भारत को मजबूत स्कोर तक ले गए।
पाकिस्तान के लिए हसन नवाज ने लड़ाई लड़ी। उन्होंने 51 गेंदों पर पांच चौके और सात छक्कों की मदद से 96 रन बनाए। वह मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए।पाकिस्तान को जिस तरह की शुरुआत की जरूरत थी वो मिली नहीं। कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने टीम को सधी हुई शुरुआत दी, लेकिन दोनों तेज रफ्तार में रन नहीं जोड़ सके। पावरप्ले के भीतर ही पाकिस्तान ने अपने दो विकेट खो दिए। कप्तान फरहान 10 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। वहीं, अक्षर पटेल ने उस्मान खान को तीन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई। सातवें ओवर में अक्षर ने माज सदाकत को भी पवेलियन भेज दिया। उनके बल्ले से 23 रन निकले। पाकिस्तान ने 39 रनों के कुल स्कोर पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। यहां से सइम अयूब और हसन नवाज ने पारी को संभाला। दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी की और भारत की मुश्किलें बढ़ाईं।
15वें ओवर में दुबे ने अयूब को सुंदर के हाथों कैच कराते हुए इस साझेदारी को तोड़ा। अयूब ने नवाज के साथ मिलकर 69 रनों की साझेदारी की। हालांकि, नवाज अभी तक भारत के लिए मुश्किल बने हुए थे। वह तेजी से रन बना रहे थे। उनका विकेट भारत के लिए बेहद जरूरी हो गया था। हालांकि, दूसरे छोर से भारत ने अब्दुल समद को 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट कर मैच में पाकिस्तान को कमजोर कर दिया। समद सिर्फ नौ रन बना पाए। उनका विकेट सुंदर ने लिया। यहां से पाकिस्तान मैच से बाहर हो गई ।
