बीएसपी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 के लिए पंजीयन प्रारंभ
1 min read
Share this
भिलाई। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा 11 से 30 मई तक स्कूली बच्चों हेतु ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित की जा रही है। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के लिये सभी संबंधित ग्राउंड्स/स्टेडियम में खिलाड़ियों का पंजीयन 7 से 15 मई के मध्य किया जायेगा।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 में शामिल 19 खेलों का विभिन्न खेल परिसरों, शालाओं के हॉल एवं क्रीड़ागणों में प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। 19 खेलों की सूची निम्न है-एथलेटिक्स, बॉल बैडमिन्टन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हैंडबॉल, कराटे, जूडो, टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी, पावर लिफ्टिंग, सायकल पोलो/साइकिलिंग, जिम्नास्टिक, कुश्ती तथा खो-खो। इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों (कोच) द्वारा प्रशिक्षित किया जाता है।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 के 25 खेलों एवं शिविर हेतु विभिन्न खेल परिसरों की सूची में- एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जयंती स्टेडियम एवं आईटीआई-खुर्सीपार में, बॉल बैडमिन्टन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बॉल बैडमिन्टन ग्राउंड, सेक्टर-4 में, बास्केटबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बास्केटबॉल कोर्ट, पंत स्टेडियम, सेक्टर-1 में तथा बाॅक्सिंग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन इस्पात क्लब सेक्टर-2, इस्पात क्लब सेक्टर-1, इन्डोर स्टेडियम (जयंती स्टेडियम के समीप), मरोदा इस्पात क्लब में किया जाएगा।
इसी प्रकार शतरंज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भिलाई विधालय सेक्टर-2 में, क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सेक्टर-1 इस्पात क्लब एवं बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड, इंदिरा प्लेस में, फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन पंत स्टेडियम एवं हॉस्पिटल सेक्टर- 09 ग्राउंड में, हैंण्डबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ईएमएमएस, सेक्टर-10 एवं कराटे सेक्टर- 5 इस्पात क्लब में, जूडो प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जूडो हॉल सेक्टर- 4 में, टेनिस प्रशिक्षण शिविर बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स- सिविक सेंटर में, वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर पंत स्टेडियम, इस्पात क्लब-खुर्सीपार, इस्पात क्लब सेक्टर- 5, सी.एस.आर. ऑफिस परिसर में किया जाएगा।
वहीँ कबड्डी प्रशिक्षण शिविर पंत स्टेडियम सेक्टर-1 में, पावर लिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर सेक्टर-6 पावर जिम में, सायकल पोलो/ साइकिलिंग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दिव्यांग ग्राउंड भिलाई निवास के सामने, जिम्नास्टिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन खेल परिसर, सेक्टर-4 में, कुश्ती प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बीएसपी अखाड़ा, सेक्टर-3 में तथा खो-खो प्रशिक्षण शिविर खो-खो खेल मैदान सेक्टर- 4 में किया जाएगा।
प्रतिवर्ष आयोजित इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में बीएसपी व गैर बीएसपी शालाओं के लगभग 3000 छात्र/छात्राएं भाग लेते हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा इन प्रशिक्षण शिविरों की आयोजन की सम्पूर्ण व्यवस्था करवायी जाती है। यह छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर है जो बच्चों की खेल प्रतिभाओं को अवसर देकर उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास कर रहा है।
