पीठाआमा जलाशय योजना को 23.09 करोड़ की पुनरीक्षित स्वीकृति
1 min read
Share this
00 पत्थलगांव के किसानों के लिए खुलेगी समृद्धि की राह
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने जशपुर जिले के विकासखंड पत्थलगांव में कृषि और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा निर्णय लिया है। राज्य शासन द्वारा पीठाआमा जलाशय योजना के लिए 23.09 करोड़ रुपये की द्वितीय पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के सैकड़ों किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इस जलाशय योजना के माध्यम से कुल सिंचित रकबे में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। योजना के पूर्ण होने पर खरीफ सीजन में लगभग 344 हेक्टेयर में सिंचाई सुनिश्चित होगी और रबी सीजन में लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्र को पानी मिलेगा।
कड़े प्रशासनिक निर्देश- गुणवत्ता और पारदर्शिता अनिवार्य
राज्य शासन ने परियोजना की समयबद्धता और गुणवत्ता को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्माण कार्य स्वीकृत लागत और निर्धारित समय के भीतर ही पूर्ण करना होगा। किसी भी स्थिति में अनावश्यक समय-वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य शुरू करने से पहले सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति और ड्रॉइंग-डिज़ाइन का अनुमोदन लेना अनिवार्य होगा। निविदा प्रक्रिया को निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धात्मक रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही निविदा आमंत्रित की जाएगी।
गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जवाबदेही तय होगी
शासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, भू-अर्जन की स्थिति में व्यय स्वीकृत राशि की सीमा के भीतर ही करने के निर्देश दिए गए हैं।
आर्थिक विकास को मिलेगी गति
इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन से न केवल सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि जल प्रबंधन बेहतर होगा और स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्नत सिंचाई सुविधाओं से किसानों की आय में बढ़ोतरी के साथ-साथ क्षेत्र में कृषि विकास के नए अवसर सृजित होंगे।
