चांपा एवं शहडोल स्टेशनों में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान से 2 लाख 54 हजार 555 रुपये का वसूला गया जुर्माना
1 min read
Share this
*बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने चलाया जा रहा है सघन टिकट जांच अभियान *
रायपुर/बिलासपुर। बिलासपुर मंडल वाणिज्य विभाग द्वारा बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण एवं यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनों तथा स्टेशनों पर टिकट जांच को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु एक विस्तृत कार्ययोजना के तहत चलाई जा रही है ।
इस अभियान के तहत सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री डी.एस. चौहान के नेतृत्व में मंडल के शहडोल और चांपा स्टेशन तथा गाड़ियों में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। इन दोनों स्टेशन में चलाये गए अभियान में कुल 506 मामलों में 02 लाख 54 हजार 555 रुपये बतौर जुर्माना वसूले गए ।
चाम्पा स्टेशन में चलाये गए अभियान में बिना टिकट यात्रा के 218 मामलों से 1,44,230 रुपये, अनियमित टिकट के 63 मामलों से 25,325 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 63 मामलों से 6,300 रुपये एवं गंदगी फैलाने के 5 मामलों से 500 रुपये का जुर्माना शामिल है।इसी प्रकार शहडोल स्टेशन में चलाये गए टिकट जांच में बिना टिकट यात्रा के 146 मामलों से 76,600 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 07 मामलों से 1,200 रुपये एवं गंदगी फैलाने के 4 मामलों से 400 रुपये का जुर्माना शामिल है।
