विनू मांकड ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की जीत में कप्तान विकल्प तिवारी का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन

1 min read
Share this

राजनांदगांव। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित अंडर-19 की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विनू मांकड ट्रॉफी के एलीट ग्रुप के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ को 6 विकेट से पराजित किया। टीम की जीत में कप्तान विकल्प तिवारी ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंडीगढ़ की टीम छत्तीसगढ़ के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 41.3 ओवरों में 149 रनों पर ढेर हो गई। चंडीगढ़ की ओर से युवराज सिंह ने 42 और गगनप्रीत सिंह ने 25 रनों का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से कप्तान विकल्प तिवारी ने 10 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि रुद्र प्रताप ने भी 7 ओवर में इतने ही रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने जीत का लक्ष्य 32 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।सलामी बल्लेबाज बालाजी राव ने 26 रन और तेजस मोरे ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली।कप्तान विकल्प तिवारी ने नाबाद 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और अपने हरफनमौला खेल का शानदार प्रदर्शन किया गेंदबाजी में 3 विकेट और बल्लेबाजी में नाबाद 40 रनों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विकल्प तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।