महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्टेशन में दुर्घटना राहत यान, स्वचालित दुर्घटना राहत मेडिकल यान एवं 140 टन क्रेन का निरीक्षण किया
1 min read
Share this
*आपदा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल *
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सदैव यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाता रहा है। इसी क्रम में आपातकालीन परिस्थितियों के त्वरित निदान हेतु विभिन्न नामित स्टेशनों पर दुर्घटना राहत यान (Accident Relief Train), दुर्घटना राहत मेडिकल उपकरण यान (Medical Van) एवं उन्नत संसाधनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इनकी मदद से बचाव दल न्यूनतम समय में दुर्घटना स्थलों तक पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्यों को सुनिश्चित कर सकता है। इन राहत यानों की तत्परता एवं कार्यकुशलता का आकलन करने के लिए नियमित निरीक्षण किया जाता है।

इसी कड़ी में आज महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्टेशन स्थित दुर्घटना राहत यान, सेल्फ प्रोपेल्ड दुर्घटना राहत मेडिकल यान (SPARMV) एवं 140 टन क्रेन का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक महोदय ने यानों एवं उपकरणों की तकनीकी कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता, परिचालन की तत्परता तथा रखरखाव व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। इस अवसर पर राहत दल द्वारा इन यानों में उपलब्ध उन्नत उपकरणों का उपयोग कर वास्तविक परिस्थितियों जैसी स्थिति में राहत कार्यों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे महाप्रबंधक ने सराहा।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत यानों और उपकरणों को सदैव तैयार स्थिति में रखा जाए, समय-समय पर इनकी जाँच की जाए तथा कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए निरंतर अभ्यास एवं नवाचार किए जाएँ। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन संसाधनों की तत्परता से किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है।
इस अवसर पर उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी सहित संबन्धित विभागों के अनेक अधिकारी उपस्थित थे ।
