खेती-किसानी के लिए बस्तर संभाग के किसानों को मिला सवा सात सौ करोड़ का ब्याज मुक्त ऋण
1 min read
Share this
जगदलपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर द्वारा संचालित सहकार से समृद्धि योजना ने क्षेत्र के किसानों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाए हैं। ब्याज मुक्त ऋण वितरण और खाद-बीज वितरण के माध्यम से इस योजना से किसान सशक्त हुए हैं। बस्तर संभाग के कुल 7 जिलों में 950 करोड़ रुपये का ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से एक लाख 39 हजार 779 किसानों को 727 करोड़ 45 लाख रुपए का ऋण वितरण किया जा चुका है। योजना के अंतर्गत खाद वितरण में भी महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। कुल 106095 मीट्रिक टन खाद का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 79572 मीट्रिक टन खाद का भण्डारण कर 69656 मीट्रिक टन खाद का वितरण किसानों को किया जा चुका है। वहीं बस्तर संभाग में वर्तमान में लगभग 10 हजार मीट्रिक टन खाद विक्रय हेतु उपलब्ध है। इसके साथ ही खाद की आपूर्ति और भंडारण भी नियमित रूप से जारी है। वहीं बीज वितरण के माध्यम से भी बस्तर संभाग के किसानों को सहायता प्रदान की जा रही है। कुल 54648 क्विंटल बीज का लक्ष्य के विरूद्ध 41220 क्विंटल का भण्डारण कर 37062 क्विंटल बीज का वितरण कृषकों को किया गया है।
बस्तर जिले के लिए 230 करोड़ रुपए के ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है तथा 28064 किसानों को अब तक 192 करोड़ 25 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया है। कोंडागांव जिले में 200 करोड़ रुपए ऋण वितरण लक्ष्य के एवज में अब तक 27619 किसानों को 144.15 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया है। नारायणपुर जिले में 40 करोड़ रुपए के ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है और 4966 किसानों को 29 करोड़ 71 लाख रुपए का ऋण वितरित किया जा चुका है। कांकेर जिले में 320 करोड़ रुपए के ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है, और अब तक 57072 किसानों को 234 करोड़ 15 लाख रुपए का ऋण वितरण किया गया है। दंतेवाड़ा जिले में 20 करोड़ रुपए के ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है, और 2166 किसानों को अब तक 14 करोड़ 02 लाख रुपए ऋण वितरण किया गया है। सुकमा जिले में 60 करोड़ रुपए के ऋण वितरण लक्ष्य के विरूद्ध में अब तक 8816 किसानों को 48 करोड़ 5 लाख रुपए ऋण का वितरण किया गया है। बीजापुर जिले में 80 करोड़ रुपए के ऋण वितरण लक्ष्य के एवज में अब तक 10677 किसानों को 64 करोड़ 86 लाख रुपए ऋण का वितरण किया गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक केएस. ध्रुुव ने बताया कि कलेक्टर बस्तर एवं प्राधिकृत अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक हरिस एस के निर्देशानुसार बस्तर अंचल के किसानों को फसल ऋण प्रदान करने के लिए पहल किया जा रहा है, और वर्तमान में ऋण वितरण सतत जारी है । खरीफ फसल सीजन के निर्धारित समयावधि तक शत-प्रतिशत ऋण वितरण का लक्ष्य पूर्ण कर लिया जायेगा। ऋण वितरण में सुगंधित धान, उद्यानिकी फसलें, उड़द, मूंग, मूंगफली, मक्का, कोदो-कुटकी, अरहर एवं रागी के लिए भी किसानों को कुल 34 करोड़ 38 लाख रूपए फसल ऋण दिया गया है । सहकार से समृद्धि योजना ने बस्तर संभाग के किसानों के लिए एक नई उम्मीद जगाई है। यह योजना न केवल उनकी वित्तीय स्थिति में सुधार कर रही है, बल्कि उन्हें कृषि उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने में भी मदद कर रही है।
