गिल के नाबाद शतक से भारत का स्कोर 300 पार
1 min read
Share this
बर्मिंघम (इंग्लैंड)। कप्तान शुभमन गिल के लगातार दूसरे और कैरियर के सातवें टेस्ट शतक के बदौलत भारत ने बर्मिंघम टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए।शुभमन गिल (114)और खब्बू बल्लेबाज रवीन्द्र जाडेजा(41) रन पर नाबाद हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने 6 विकेट की अविभाजित साझेदारी में 99 रन जोड़े।
कप्तान गिल ने अपने स्वभाव के विपरित संतुलित और मजी हुई बल्लेबाजी का प्रर्दशन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन शतक बनाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज हैं । इससे पूर्व मोहम्मद अजहरुद्दीन, दिलीप वेंगसरकर और राहुल द्रविड़ यह कारनाम कर चुके हैं। भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की शुरुआत की। एजबेस्टन के मैदान पर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने एक बार फिर टॉस जीता और गेंदबाजी करने का निर्णय किया। भारत की शुरुआत खराब रही के एल राहुल केवल 4 रन बनाकर आउट हुए। करुण नायर और यशस्वी जायसवाल ने पारी को सम्हाला।नायर 30 रन बनाकर वापस पैवेलियन लौटे।
यशस्वी जायसवाल अपने शतक 13 रन से चूक गये। यशस्वी 87 रन पर लगातार तीन पारियों में कप्तान बेन स्टोक्स शिकार हुए। जायसवाल ने शुरुआत में ही कार्स की गेंदों पर दो शानदार कवर ड्राइव लगाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। उन्होंने बेन स्टोक्स की गेंदों पर पुल शॉट और बैकवर्ड पाइंट के ऊपर से चौके भी लगाए। यशस्वी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 107 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली जिसमें 14 आकर्षक चौके और एक जोरदार छक्का शामिल था। बेन स्टोक्स की शॉर्ट और वाइड गेंद पर जायसवाल ने कट करने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर जैमी स्मिथ के दस्तानों में समा गई। यशस्वी ने आउट होने से पहले करुण नायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रनों की और कप्तान गिल के साथ 66 रनों की साझेदारी की।
