November 23, 2026

नक्सलियों ने आत्मसमर्पित नक्सली सहित 2 की हत्या कर दी

1 min read
Share this

00 नक्सलियों ने एक सप्ताह में 5 वीं हत्या की वारदात को दिया अंजाम
बीजापुर। पामेड़ थाना क्षेत्र अंर्तगत नक्सल प्रभावित ग्राम सेंड्राबोर और एमपुर में नक्सलियों ने शनिवार देर रात 2 ग्रामीणों समैय्या और वेको देवा का अपहरण के बाद मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या कर दी । बताया जा रहा है कि इनमें एक समैय्या पहले नक्सली था, उसने 2025 में आत्मसमर्पण कर दिया था, वहीं वेको देवा ग्रामीण है। इन्हें मिलाकर बीजापुर जिले में एक सप्ताह में यह 5 वीं हत्या है। लगातार नक्सलियों द्वारा की जा रही हत्या की वारदात से गांव में इतनी दहशत है कि कोई भी ग्रामीण घटना को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि ऐसी घटना की जानकारी उनको मिली है, इसकी पुष्टि के लिए तस्दीक कारवाई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात बड़ी तादाद में हथियारबंद नक्सली सेंड्राबोर और एमपुर पहुंचकर आत्मसमर्पित नक्सली समैय्या और ग्रामीण वेको देवा का अपहरण कर ले गए। इस दौरान दोनों को नक्सलियों ने बेरहमी से पीटा, उन पर मुखबीरी का आरोप लगाते हुए नक्सलियों ने दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी। नक्सली हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनो ग्रामीण के शव को गांव में ही फेंककर फरार हो गए। वहीं इसकी जानकारी जब पुलिस को मिली तो जवानों को मौके के लिए भेजा गया है, पुलिस आज रविवार को मौके पर पंहुचकर नक्सली हत्या की वारदात के मामले की जांच कर रही है। पुलिस एवं सुरक्षाबलों के द्वारा की रही लगातार कार्यवाही में बड़े नक्सली कैडरों के मारे जाने एवं बड़ी तादाद में आत्मसमर्पण और गिरफ्तारी से पूरा नक्सली संगठन बेहद कमजोर पड़ चुका है, इससे बौखलाए नक्सली अब स्कूल और कॉलेज के बच्चों तक की हत्या कर अपने वजूद को बनाये रखने का अंतिम प्रयास कर रहे हैं।
उल्लेखनिय है कि 17 जून 2025 को नक्सलियों ने बीजापुर जिले के पेद्दाकोरमा गांव में 3 ग्रामीणों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी । इनमें एक 13 वर्ष का नाबालिक 7वीं कक्षा का छात्र और दूसरा 20 साल का कॉलेज का छात्र और तीसरा ग्रामीण नवयुवक शामिल है। इसके साथ ही नक्सली गांव के दर्जन भर ग्रामीणों को बंधक बनाकर अपने साथ लेकर गए थे । हालांकि उनकी बेदम पिटाई करने के बाद उन्हें छोड़ दिया । दरअसल पेद्दाकोरमा गांव के 3 मृतक डीव्हीसीएम कैडर के आत्मसमर्पित नक्सली दिनेश मोडिय़म के रिश्तेदार हैं। नक्सलियों ने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए उकसाया, उससे पैसे लिए, इसी वजह से छात्र सोमा मोडिय़ाम उम्र 20 वर्ष का और 13 वर्ष का नाबालिक अनिल माड़वी एवं एक अन्य युवक की हत्या कर मौत की सजा दे दी गई।

This will close in 0 seconds