महाराष्ट्र मंडल व आरोग्य मंदिर का योग आज, मेगा हेल्थ कैंप भी
1 min read
Share this
रायपुर। आरोग्य मंदिर के साथ मिलकर महाराष्ट्र मंडल की योग समिति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार, 21 जून को सुबह 6:30 बजे विशेष उत्सव मनाने जा रही है। इसमें योग के विभिन्न आसनों को कराने के बाद सुबह- सबेरे स्वास्थ्यवर्धक व पोषक अल्पाहार कराया जाएगा। साथ ही इसके फायदों के बारे में जानकारी भी दी जाएगी। योग उत्सव का समापन होते ही आयोजन स्थल पर मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया है।

योग समिति की समन्वयक आस्था अभय काले ने बताया कि मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में सुबह साढे़ छह बजे भारत शासन की ओर से निर्धारित योग आसन, प्राणायाम और ध्यान कराया जाएगा। इसके लिए योग करने वालों को योग मैट या दरी के साथ विशेष रूप से वाइट टीशर्ट और ब्लैक लोअर में आना होगा। जो योग साधक निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं आ पाएंगे, उन्हें भी सभी के साथ योग करने का अवसर बराबरी से मिलेगा। आस्था के मुताबिक अनार मिश्रित मूंग सलाद, चना और मूंगफल्ली से बना हुआ प्रोटीन पंच, केला, नींबू, शहद- पानी की खास व्यवस्था की जाएगी। योग करने के बाद इसे स्वास्थ्यवर्धक व पोषक अल्पाहार माना गया है।
*मेगा हेल्थ कैंप आठ बजे से*
इधर महाराष्ट्र मंडल के सहयोग से डॉ. लाल पैथालॉजी की ओर से मेगा हेल्थ चेकअप कैंप भी सुबह आठ बजे से 10 बजे तक लगाया जाएगा। मंडल सचिव चेतन गोविंद दंडवते के अनुसार कैंप में शुगर, कोलेस्ट्राॅल, कैल्शियम, हीमोग्लोबिन की जांच 10-10 रुपये में कराई जा सकेगी। टीएसएच की जांच 60 रुपये और एचबीए1सी की जांच मात्र 199 रुपये में संभव हो पाएगी। कैंप में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के करीब ही कैंप में रजिस्ट्रेशन कराने के साथ ही जांच भी कराई जा सकेगी।
