November 23, 2026

आरक्षक पर पालतू कुत्ते से हमला करना पड़ा महंगा, तीन महिला और दो पुरुष गए जेल

1 min read
Share this

जशपुर। बगीचा थाना परिसर में पदस्थ एक आरक्षक को पालतू कुत्ते से कटवाना महंगा पड़ गया और इस मामले में तीन महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना 17 जून की रात करीब 12 बजे की है, जब दीपक जायसवाल नामक व्यक्ति मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने बगीचा थाना पहुंचा था। उसी दौरान सागिर हुसैन, जाकिर हुसैन और उनके परिवार की महिलाएं भी थाना पहुंचीं और उन्होंने थाना परिसर में ही दीपक जायसवाल, उसके भाई और अन्य साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। थाना में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक क्रमांक 644 धनेश्वर राम ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, जिस पर आरोपी उग्र हो गए और उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। झूमा-झटकी में आरक्षक धनेश्वर राम जमीन पर गिर गया। तभी आरोपियों ने अपने पालतू कुत्ते को इशारा कर आरक्षक पर हमला करवा दिया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। इस दौरान प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह और एएसआई राजकुमार पैकरा के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना के बाद आरोपी थाना परिसर से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विशेष टीम गठित कर सुबह ही रेड कार्रवाई कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जाकिर हुसैन पिता रियाज मोहम्मद (55 वर्ष), सागिर हुसैन पिता जाकिर हुसैन (22 वर्ष), रिजवाना खातून पति जाकिर हुसैन (42 वर्ष), सहेला खातून पिता जाकिर हुसैन (23 वर्ष), सबीना खातून पिता जाकिर हुसैन (25 वर्ष), सभी आरोपी मूलत: कोरिया कर्मा, थाना बरही, जिला हजारीबाग (झारखंड) के निवासी हैं और वर्तमान में बस स्टैंड पारा, वार्ड क्रमांक 07, बगीचा में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 296, 351(2), 118(1), 191(2), 132 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

This will close in 0 seconds