आरपीएफ निरीक्षक की सतर्कता से चलती ट्रेन में चढ़ते समय गिरने वाले यात्री की जान बची
1 min read
Share this
रायपुर/बिलासपुर । आरपीएफ निरीक्षक की सतर्कता से एक यात्री को नया जीवनदान मिला। यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था और हादसे का शिकार हो गया।
यह पूरा वाक्या मंगलवार 10 जून राजनांदगांव रेलवे स्टेशन का है। अपराध गुप्तचर शाखा गोंदिया में पदस्थ रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के निरीक्षक समीर खलखो, सहायक उप निरीक्षक आर. एस. बागड़ेरिया के साथ राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 07005 (चेरला पल्ली – रक्सौल एक्सप्रेस) सुबह 11:05 बजे स्टेशन पर पहुंची और निर्धारित ठहराव के उपरांत 11:09 बजे प्रस्थान कर रही थी। उसी दरम्यान एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय असंतुलित होकर गिर पड़ा और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के मध्य फंस गया । यह घटना एक गंभीर दुर्घटना में बदल सकती थी, लेकिन प्लेटफॉर्म पर सतर्क खड़े निरीक्षक समीर खलखो ने तत्काल साहसिक कदम उठाया । उन्होंने दौड़कर यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
निरीक्षक समीर खलखो की त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता से एक अनमोल जीवन की रक्षा हुई । बचाए गए यात्री ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आरपीएफ के इस कार्य की सराहना की।
