एनबीईएमएस को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत, अब 3 अगस्त को होगी नीट पीजी की परीक्षा
1 min read
Share this
नई दिल्ली। मेडिकल के पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रम में प्रवेश की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पीजी अब 15 जून के बजाए 3 अगस्त को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल बोर्ड आफ एक्जामिनेशन इन मेडिकल साइंस (एनबीईएमएस) को 3 अगस्त को परीक्षा कराने की इजाजत दे दी।
एनबीईएमएस ने 15 जून को एक पाली में परीक्षा कराने में तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतें बताते हुए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर परीक्षा की तारीख बढ़ा कर तीन अगस्त करने की इजाजत मांगी थी। न्यायमूर्ति पीके मिश्रा और न्यायमूर्ति एजी मसीह की पीठ ने शुक्रवार को एनबीईएमएस की अर्जी स्वीकार करते हुए तीन अगस्त को परीक्षा कराने की इजाजत दे दी।
सुप्रीम कोर्ट ने गत 30 मई को डॉक्टर अदिति और यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट की याचिका पर सुनवाई करते हुए नीट पीजी परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश में एनबीई को एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने का आदेश देते हुए कहा था कि अगर इसके लिए उसे और वक्त चाहिए है तो वह वक्त बढ़ाने के लिए कोर्ट में आवेदन कर सकता है।
एनबीई ने कोर्ट के आदेश के बाद अपने तकनीकी सहयोगी टीसीएस से परामर्श करने के बाद कोर्ट को व्यावहारिक दिक्कतें बताते हुए परीक्षा की तारीख बढ़ा कर तीन अगस्त करने की इजाजत मांगी थी।
शुक्रवार को न्यायमूर्ति पीके मिश्रा और एजी मसीह की पीठ ने एनबीई की अर्जी पर सुनवाई के बाद अर्जी मंजूर कर ली और परीक्षा तीन अगस्त को कराने की इजाजत दे दी। हालांकि सुनवाई के दौरान पीठ ने परीक्षा की तारीख दो महीने बढ़ाने पर सवाल भी किया लेकिन एनबीई के वकील ने तकनीकी सहयोगी टीसीएस द्वारा इससे जल्दी परीक्षा कराने में बताई गई दिक्कतों का जिक्र किया।
वकील ने कहा कि एक पाली में परीक्षा कराने के लिए उसे अब दोगुने परीक्षा केंद्रों की पहचान करनी होगी। छात्रों को नये सिरे से नये परीक्षा शहरों को चुनने का मौका देना होगा।
एनबीई की अर्जी में कहा गया था कि एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने के लिए बहुत सी तैयारियां नये सिरे से करनी होंगी।
नये केंद्रों की पहचान से लेकर सिक्योरिटी सिस्टम और मैन पावर तक का इंतजाम करना होगा। नीट पीजी परीक्षा के लिए 242679 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। पहले यह परीक्षा दो पाली में होनी थी लेकिन अब एक पाली में परीक्षा कराने के लिए बहुत सारे शहरों में नये परीक्षा केंद्रों को चिन्हित करना होगा।
