गोवा में 3 लोगों से जब्त की गई 5.75 किलोग्राम व्हेल की उल्टी
1 min readShare this
पणजी। दक्षिण गोवा से तीन व्यक्तियों के पास से व्हेल का एम्बरग्रीस (व्हेल की उल्टी) बरामद किया गया है। इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
अधिकारी ने बताया, गुरुवार को संगुएम गांव में एक कार को रोका गया, जिसमें से 5.75 किलोग्राम मोम जैसा पदार्थ जब्त किया गया। इस पदार्थ का उपयोग इत्र उद्योग में होता है।
दरअसल, यह मोम जैसे पदार्थ व्हेल का एम्बरग्रीस होता है, जो उसकी आंतों में उत्पन्न होता है। इस पदार्थ को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची II के तहत संरक्षित किया गया है। इस एम्बरग्रीस का भारत में व्यापार या फिर इसे रखना प्रतिबंधित है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया व्हेल की उल्टी की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये हो सकती है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान का खुलासा करते हुए बताया की दो की पहचान गोवा निवासी साईनाथ शेट और रत्नकांत करापुरकर के रूप में हुई है, जबकि तीसरे की पहचान महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग निवासी योगेश रेडकर के रूप में हुई है।

