विवेकानंद नगर में पंचाह्निका महोत्सव के प्रथम दिन 18 हजार गुरुओं की हुई वंदनावली
1 min read
Share this
रायपुर। श्री संभवनाथ जैन मंदिर विवेकानंद नगर में जारी आत्मोल्लास चातुर्मास 2024 में पंचाह्निका महोत्सव भक्तिमय वातावरण में शुरू हो गया है। मुनिश्री जयपाल विजयजी म.सा., मुनिश्री प्रियदर्शी विजयजी म. सा,मुनिश्री तीर्थप्रेम विजयजी म. सा,साध्वी रत्ननिधिश्रीजी म.सा, साध्वी रिद्धिनिधि श्रीजी म.सा आदि ठाणा के शुभ सानिध्य में 12 नवंबर तक पंचाह्निका महोत्सव आयोजित होगा। महोत्सव के प्रथम दिन 18 हजार गुरुवन्दनावली का कार्यक्रम हुआ।
22वें तीर्थंकर भगवान नेमीनाथ के भाई कृष्ण वासुदेव को जब ज्ञात हुआ कि उनके भाई तीर्थंकर बन गए हैं तो उन्हें वंदना करने गए। नेमीनाथ भगवान के 18000 शिष्यों को उन्होंने वंदन किया, उसी के निमित्त आज महोत्सव के प्रथम दिन 18000 गुरुओं का वंदन किया गया। गुरु गौतम स्वामी से लेकर 18 गुरुओं की महिमा का व्याख्यान करते हुए उन्हें सविधि वंदन किया गया। इसी तरह सभी गुरुओं की महिमा का वर्णन करते हुए सविधि वंदन किया गया। इस अवसर पर लाभार्थी परिवार द्वारा सभी गुरुओं को रजत अक्षत से बधाया गया एवं गुरु पूजन किया गया। अहमदाबाद से आए गीतकार हर्षिल शाह ने संगीतमय प्रस्तुति से गुरुओं की महिमा का वर्णन भजन के द्वारा किया। मुनिश्री प्रियदर्शी विजयजी म.सा. एवं मुनिश्री तीर्थप्रेम विजयजी म.सा. ने गुरुओं की महिमा का व्याख्यान किया।