आम आदमी पार्टी ने मनाया 14वां स्थापना दिवस
1 min read
Share this
रायपुर। आम आदमी पार्टी के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कहा कि 26 नवंबर 2012 को राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की स्थापना एक स्पष्ट विजन के साथ हुई थी, जिसमें राजनीति का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक और ठोस बदलाव लाना था। नेताओं ने कहा कि इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए। सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने, मोहल्ला क्लीनिकों की शुरुआत करने तथा लोगों को राहत देने के उद्देश्य से मुफ्त बिजली जैसी पहल लागू की गईं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के मॉडल के बाद अब पंजाब में भी इसी जनकल्याणकारी विजन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

