November 27, 2026

एनएमडीसी ने दावा किया,डिपॉजिट-14 भूस्खलन खनन क्षेत्र से बाहर हुई भूगर्भीय हलचल से हुई

1 min read
Share this

दंतेवाड़ा। जिले में बैलाडीला के किरंदुल स्थित एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन को लेकर कंपनी ने अपनी प्रारंभिक जांच और आकलन के आधार पर घटना की वजह बताई है। एनएमडीसी का दावा है कि खनन पट्टा क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में हुई प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल के कारण यह स्थिति बनी। कंपनी के अनुसार इस हलचल का असर बाद में खदान के पुराने वेस्ट डंप पर पड़ा और उसका एक हिस्सा ढह गया, जिससे मलबा ढलान की ओर फैल गया।
घटना की वास्तविक वजह और जमीन के भीतर की स्थिति समझने के लिए आईआईटी बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद से वैज्ञानिक अध्ययन कराया जा रहा है। दूसरी ओर, वन विभाग ने शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र के प्रभावित होने की बात कही है। विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध भी दर्ज किया है।
कंपनी के अनुसार 18 नवंबर को बैलाडीला की पहाडिय़ों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल हुई थी। इसका असर सबसे पहले लोहागांव की ओर बन रही ग्रामीण सड़क और आसपास के इलाके में दिखाई दिया। एनएमडीसी का कहना है कि इसी प्राकृतिक घटना का प्रभाव खनन पट्टे के भीतर मौजूद पुराने वेस्ट डंप तक पहुंचा, जिसके एक हिस्से में ढहाव हुआ। कंपनी ने इस घटना को खनन गतिविधियों से सीधे शुरू हुई घटना के बजाय बाहरी भूगर्भीय हलचल का प्रभाव बताया है। हालांकि, इसकी पुष्टि वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग के शुरुआती निरीक्षण में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। विभाग के अनुसार कंपार्टमेंट क्रमांक 673 में पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति पर असर पड़ा है। इसके अलावा लगभग 2.5 से 3 किलोमीटर लंबा नाला भी मलबे की चपेट में आया है। एनएमडीसी के अनुसार, कंपनी, वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया था। इसमें वेस्ट डंप से निकली खनन अपशिष्ट सामग्री के ढलान के निचले हिस्से तक करीब 200 से 250 मीटर पहुंचने की बात सामने आई। वहीं, पहाड़ी की प्राकृतिक मिट्टी और बजरी लगभग 2 से 3 किलोमीटर तक बहकर पहुंची। कंपनी ने शुरुआती आकलन में भूमिगत जलधारा की संभावित भूमिका से भी इनकार नहीं किया है।
एनएमडीसी ने अपने पुराने तकनीकी रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा है कि संबंधित वेस्ट डंप करीब दो दशक पुराना है और इसकी स्थिरता के लिए समय-समय पर इंजीनियरिंग उपाय किए गए थे। इनमें ढलान को मजबूत रखने के लिए सीढ़ीनुमा संरचनाएं, बारिश के पानी की निकासी के लिए गारलैंड ड्रेन, आधार को सहारा देने के लिए टो बट्रेस वॉल और स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण शामिल था। कंपनी के मुताबिक, धनबाद स्थित केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान ने भी इस डंप की स्थिरता का अध्ययन किया था। जनवरी 2026 में मिली रिपोर्ट में इसे सुरक्षित बताया गया था। इसके साथ ही नियमित मासिक सर्वेक्षणों में भी सतह पर किसी बड़ी हलचल का संकेत नहीं मिला था।
भूस्खलन के कारणों और प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए अब विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन किया जा रहा है। इसके तहत ड्रोन से सर्वे कर प्रभावित हिस्से की ऑर्थोमोजेक तस्वीरें तैयार की जाएंगी। इनकी मदद से मलबे के फैलाव और नुकसान की सीमा का आकलन होगा। जांच के दौरान चट्टानों की आंतरिक संरचना का नक्शा तैयार करने के साथ जमीन के द्रवीकरण यानी लिक्विफैक्शन की संभावना भी परखी जाएगी। इसके लिए मल्टीचैनल एनालिसिस ऑफ सरफेस वेव्स परीक्षण किया जाएगा। इस तकनीक से जमीन की कठोरता और भीतर की संरचना से जुड़ी जानकारी मिलती है।
कंपनी ने खनन पट्टे से बाहर प्रभावित वन क्षेत्र को फिर से प्राकृतिक स्थिति में लाने के लिए वन विभाग और छत्तीसगढ़ सरकार के साथ सहयोग करने की बात कही है। एनएमडीसी के अनुसार जरूरत पडऩे पर तकनीकी मदद और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति को दोबारा विकसित करने के उपाय भी शामिल होंगे। हालांकि बहाली की विस्तृत योजना वैज्ञानिक अध्ययन की अंतिम रिपोर्ट और संबंधित सरकारी एजेंसियों की सिफारिशों के बाद तय की जाएगी।
घटना के बाद आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की गई है। एनएमडीसी ने मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी जानकारी दी है। कंपनी और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने नजदीकी गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। एनएमडीसी का दावा है कि अब तक इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं मिली है।

This will close in 0 seconds