25 किलो अवैध गांजा के साथ एक आरोपी व नाबालिक गिरफ्तार

1 min read
Share this

सुकमा। जिले की पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का प्रयास विफल करते हुए 25 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी रविन्द्र सोड़ी उम्र 19 वर्ष, निवासी मलकानगिरी (ओडिशा) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता पाई गई है, जिसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटर से मलकानगिरी (ओडिशा) की ओर से सुकमा की तरफ आ रहे हैं, जिनके पास अवैध मादक पदार्थ गांजा होने की संभावना है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम द्वारा तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए सुकमा चेक पोस्ट के पास घेराबंदी की गई और संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में रखे ट्रॉली बैग से कुल 12 पैकेट में भरा 25 किलो 450 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पुलिस द्वारा विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार कर गांजा, परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहनों और मोबाइल फोन को जब्त किया गया। उक्त मामले में थाना सुकमा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

This will close in 0 seconds