Home Page Popup
November 19, 2026

कूटरचना कर नए खसरा नम्बर का सृजन कर निजी व्यक्ति के नाम पर किए जाने के कारण आजाद इराकी व पटवारी सहित 4 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किए जाने हेतु निर्देश

1 min read
Share this

अम्बिकापुर। कलेक्टर सरगुजा ने तहसील दरिमा के ग्राम दरिमा में स्थित भूमि खसरा क्रमांक 1322 रकबा 1.117 हे. एवं खसरा क्रमांक 1322/2 रकबा 2.202 हे. भूमि से संबंधित मामले में तहसीलदार दरिमा के जांच प्रतिवेदन के आधार पर आजाद इराकी सहित कुल 4 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश तहसीलदार दरिमा को दिए हैं। साथ ही रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने हेतु पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर भूमि खसरा क्रमांक 1322 रकबा 2.76 एकड़ (1.117 हे.) भूमि को खसरा नंबर 1322/2 के रूप में नई प्रविष्टि दर्ज किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले में जांच के दौरान सामने आया कि सिंहदेव योजना के अंतर्गत वर्ष 1968-69 में शासकीय पट्टेदार चंदर पिता बजरंग पनिका को ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322 की कुल 2.76 एकड़ भूमि का पट्टा प्रदान किया गया था। जांच प्रतिवेदन के अनुसार वर्ष 2016-17 के खसरा पांचशाला अभिलेख में खसरा नंबर 1322 का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था। इसके बाद कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में खसरा नंबर 1322 को बटांकित कर हस्तलिखित अंकित कर खसरा नंबर 1322/1 रकबा 1.117 हेक्टेयर तथा खसरा नंबर 1322/2 रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्ज किया गया। खसरा नंबर 1322/2 को बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम पर दर्ज किया गया तथा कैफियत कॉलम नम्बर 12 में कारण हस्तलिखित खसरा लुप्त होने का उल्लेख किया गया। उक्त खसरा में प्रविष्टि किये जाने के संबंध में कोई भी सक्षम आदेश व अनुमोदन की प्रविष्टि खसरा में नहीं है। जिससे यह स्पष्ट हो सके कि किस सक्षम अधिकारी के आदेश से उक्त प्रविष्टि की गई है। यह स्पष्ट है कि खसरा नंबर 1322/2 को निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से कूटरचना कर प्रविष्टि की गयी है, क्योंकि खसरा नंबर 1322/2 का कोई विधिक अस्तित्व ही नहीं है।
जांच में यह भी सामने आया कि मूल खसरा नंबर 1322 के रकबे में कमी किए बिना अलग से खसरा नंबर 1322/2 सृजित कर 2.202 हेक्टेयर भूमि बलीराम के नाम दर्ज की गई। इसके बाद 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी द्वारा ऑनलाइन राजस्व दस्तावेजों में भूमि के नामांतरण से संबंधित प्रविष्टि की गई। तत्पश्चात 11 सितंबर 2023 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से उक्त भूमि को आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी तथा रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को विक्रय किया गया। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जांच प्रतिवेदन के आधार पर स्पष्ट किया गया है कम्प्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में खसारा नम्बर 1322 को बटांकित कर हस्तलिखित अंकित कर खसरा नम्बर 1322/1 रकबा 1.117 हे. करते हुये खसरा नम्बर 1322/2 रकबा 2.202 हे. दर्ज कर बलीराम पिता रामप्रसाद के नाम पर कूटरचना कर दर्ज कर दिया गया है तथा कैफियत कॉलम नंबर 12 में कारण हस्तलिखित में ष्लुप्त खसरा होने सेष् अंकित किये जाने का उल्लेख किया गया है।
उक्त प्रविष्टि के संबंध में सक्षम आदेश एवं अनुमोदन उपलब्ध नहीं है। इस प्रकार राजस्व अभिलेखों में कूटरचना कर भूमि को निजी व्यक्ति के नाम दर्ज किए जाने तथा उसके आधार पर विक्रय किए जाने का मामला सामने आया है।
इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश-
कलेक्टर ने विक्रेता बलीराम पिता रामप्रसाद निवासी ग्राम खजुरी तहसील दरिमा जिला सरगुजा तथा क्रेता आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी निवासी जयनगर तहसील लटोरी जिला सूरजपुर एवं रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह निवासी विश्रामपुर जिला सूरजपुर सहित ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के विरुद्ध संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर कर तथा अवैध प्रविष्टि को विलोपित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया गया है।