Home Page Popup
November 19, 2026

21, 24 और 26 दिसंबर को रद्द रहेगी टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर, हीराकुंड एक्सप्रेस भी होगी लेट

1 min read
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन को लेकर रेलवे ने जरूरी अपडेट जारी किया है। पूर्व तटीय रेलवे के संबलपुर मंडल के बृंदामल स्टेशन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दिसंबर में कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर को तीन दिनों 21, 24 और 26 दिसंबर 2026 को टिटलागढ़ और बिलासपुर दोनों ओर से नहीं चलेगी। वहीं, विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से रवाना होगी। रेलवे के मुताबिक, बृंदामल स्टेशन पर बृंदामल-झारसुगुड़ा फ्लाईओवर लाइन की कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसी वजह से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 58213/58214 टिटलागढ़-बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर को तीन दिनों के लिए रद्द किया गया है। यह ट्रेन 21, 24 और 26 दिसंबर 2026 को टिटलागढ़ और बिलासपुर दोनों ओर से नहीं चलेगी। इससे इन तारीखों में इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है। वहीं नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का असर हीराकुंड एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। गाड़ी संख्या 20807 विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस 26 दिसंबर 2026 को विशाखापत्तनम से अपने निर्धारित समय से 4 घंटे देरी से रवाना होगी।