गौठान शेड से चोरी का पंप खरीदने वाले फरार कबाड़ी गिरफ्तार
1 min read
Share this
कांकेर। जिले के ग्राम पंचायत बेवरती में 15 सितंबर की रात गौठान शेड में लगे गोबर कंडे बनाने वाली मशीन का मोटर, धानकुट्टी में लगा मोटर, प्लास्टिक सामानों को दबाने वाली मशीन का मोटर, दाल पीसने की मशीन का मोटर, कुल 04 नग मोटर चोरी किए गए। चोरी का पंप खरीदने वाले फरार कबाड़ी भविष्य सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के चार पंप बरामद किए गए हैं। इसी मामले में पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से चोरी के चार पंप बरामद किए गए थे। इस बार पुलिस ने चार और पंप बरामद किये हैं।
शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। माकड़ी से एक ब्रेजा कार में चोरी के 04 पंप बरामद किए थे, कार भी जब्त की थी। पकड़ाए चोरों ने पंप खरीदने वाले का नाम अन्नपूर्णापारा, कांकेर स्थित कबाड़ी दुकान संचालक बताया था। नाम सामने आते ही कबाड़ी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, पुलिस ने फरार कबाड़ी भविष्य सोनी को पकड़ा। उसके कब्जे से चोरी के चार पंप भी बरामद किए गए। कीमत 20 हजार रुपए आंकी गई है। पहले भी चार पंप बरामद किए जा चुके हैं।
चोरी का ज्यादातर सामान कबाड़ीके जरिए खप रहा चोरी की संपत्ति खरीदने वाले कबाडिय़ों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अधिकांश कबाड़ी चोरी के सामान को खपाने का रास्ता उपलब्ध कराते हैं। कबाड़ दुकानों में खरीदे जाने वाले सामान का रिकॉर्ड और विक्रेता की पहचान अनिवार्य रूप से रखनी चाहिए। इससे चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोहों पर अंकुश लगेगा। उन्हें आर्थिक संरक्षण देने वालों पर भी अंकुश लगेगा। बिना बिल या दस्तावेज के संदिग्ध सामान खरीदने-बेचने से बचना चाहिए।
चोर गिरोह का सरगना था, बर्खास्त कर्मचारी पंप चोर गिरोह का सरगना जिला कार्यालय का बर्खास्त कर्मचारी सुक्कुराम शोरी था। वह जिला कार्यालय के सांख्यिकी विभाग में संविदा पर चपरासी के पद पर पदस्थ था। नौकरी लगाने के नाम पर हुई गड़बड़ी में नाम आने के बाद 06 माह पूर्व उसे बर्खास्त कर दिया गया था। वह आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। नौकरी के दौरान परिजनों ने उसे कार लेकर दी थी। वह उसी में घूमता था, वह शराब पीता था। फिर उसने गिरोह बनाकर चोरी करने लगा।

