Home Page Popup
November 17, 2026

नारायणपुर में तीन साल से अधूरा पड़ा आंगनबाड़ी भवन, जल्द पूरा करने की मांग

1 min read
Share this
नारायणपुर। जिले के ओरछा ब्लॉक की ग्राम पंचायत आदेर के आश्रित ग्राम चालचेर के इत्तापारा में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण तीन साल से अधूरा पड़ा है। भवन का काम पूरा नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्र के छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को शासन की योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। भारतीय किसान यूनियन जिला नारायणपुर ने इस मामले को लेकर संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रुबजी सलाम ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और माताओं को भी यहां से पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मिलती हैं। इसके बावजूद चालचेर के इत्तापारा में तीन साल से भवन अधूरा पड़ा होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बुनियादी सुविधाओं का होना जरूरी है। भारतीय किसान यूनियन ने जिला प्रशासन से भवन की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। साथ ही देरी के कारणों का पता लगाकर जल्द से जल्द भवन पूरा कराने की अपील की है। यूनियन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी बंद होनी चाहिए। जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर बच्चों और महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।