गांव के शासकीय स्कूलों को बेहतर बनाने सीजेपी ने फूंका बिगुल
1 min read
Share this
*15अगस्त को गांव हिंगोली से होगी “सरपंच चैलेंज” अभियान की शुरुआत *
नई दिल्ली। ग्रामीण अंचलों में शिक्षा को बेहतर बनाने के लिये सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने देशव्यापी “सरपंच चैलेंज”अभियान का बिगुल फूंका है और इसका शंखनाद 15 अगस्त को वे अपने गांव हिंगोली(महाराष्ट्र) से करेंगे। दीपके द्वारा जारी विडियो में उन्होंने अभिभावकों से स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का सोशल आडिट करने और देशभर के सरपंचों से अपने- अपने स्कूलों को बेहतर बनाने का आह्वान किया है।सीजेपी के कार्यकर्ता गांव के मुखिया से सरकारी स्कूलों के सुधार का अनुरोध करेंगे।
जारी विडियो में दीपके ने कहा कि 15 अगस्त को हमारा 80वां स्वतंत्रता दिवस है। लेकिन, पिछले 80 वर्षों में हमारे गांवों में सरकारी स्कूलों की सबसे अधिक उपेक्षा हुई है। उन्होंने पूछा, हमने नया संसद भवन, नया पीएम हाउस बनाया है, लेकिन, हम अपने गांवों में नए स्कूल क्यों नहीं बना पाए? क्या हम किसानों और श्रमिकों के बच्चों को अपने देश का भविष्य नहीं मानते?
दीपके ने कहा कि आज भी गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्हें पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलतीं। मुझे लगता है कि इस 15 अगस्त को हमें अपने सरकारी स्कूलों के सुधार की शुरुआत करनी चाहिए।
दीपके ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में गांव जाकर सरपंच से मिलेंगे। जो सरपंच स्कूलों को सुधारने की पहल करेंगे, उन्हें सीजेपी के इंटरनेट मीडिया पेज पर उनके कार्य की तस्वीरों के साथ श्रेय दिया जाएगा, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। सीजेपी ने इसे “सरपंच चैलेंज” का नाम दिया है।

