नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर वर्ष 2026 की पहली अर्धवार्षिक बैठक संपन्न

1 min read
Share this

रायपुर। मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर श्री दयानंद की अध्यक्षता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर की वर्ष 2026 की प्रथम अर्धवार्षिक बैठक डब्‍ल्‍यू.आर.एस. कॉलोनी स्थित रेल अधिकारी क्लब ‘उल्लास’ में आयोजित की गई ।

सर्वप्रथम मुख्‍य अतिथि श्री दयानंद, अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर, श्री नरेंद्र सिंह मेहरा, उपनिदेशक (कार्यान्वयन), क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल तथा अन्‍य विशिष्‍ट अतिथियों का पुष्‍पगुच्‍छ देकर स्‍वागत किया गया तत्पश्चात उनके द्वारा दीप प्रज्‍वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ ।

पिछली बैठक के पश्‍चात नराकास के नए सदस्‍य बने कार्यालय नियंत्रक, संचार लेखा से उपस्थित सदस्‍य को स्‍मृति चिह्न प्रदान कर समिति में उनका स्‍वागत किया गया । बैठक के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं उपाध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर श्री बजरंग अग्रवाल ने अपने स्‍वागत भाषण में कहा कि “हिंदी, संघ सरकार के प्रशासन की भाषा है । अत: इसका प्रयोग हम जितना अधिक करेंगे, हमारा काम-काज उतना ही आमजन के अनुकूल एवं उपयोगी होगा । साथ ही इससे सांविधिक अपेक्षाओं की पूर्ति भी होगी ।’’

बैठक के दौरान नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर के सदस्य कार्यालयों की दिनांक 01.07.2025 से 31.12.2025 तक की अवधि की राजभाषा प्रगति की समीक्षा समिति के सचिव श्री निकेश कुमार पाण्डेय द्वारा की गई । साथ ही विभिन्न मदों पर चर्चा भी की गई ।

अपने उद्बोधन में श्री नरेंद्र सिंह मेहरा, उपनिदेशक (कार्यान्वयन), क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल ने कहा कि नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति, रायपुर राजभाषा के प्रयोग-प्रसार में काफी अच्‍छा कार्य कर रही है । समिति के कार्यों का निष्पादन मिलजुल कर करने का अनुरोध किया । उन्‍होंने नराकास बैठकों में कार्यालय प्रमुखों की उपस्थिति पर विशेष जोर दिया । साथ ही संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने का अनुरोध किया ।

श्री दयानंद, अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि “ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है । हिंदी देश के बहुसंख्‍यकों की भाषा है तथा देश को एकसूत्र में बांध कर रखने की क्षमता केवल और केवल हिंदी में है । उन्‍होंने सभी कार्यालय प्रमुखों से अपने-अपने कार्यालयों में हिंदी भाषा के विकास के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करने का अनुरोध किया ।’’

बैठक में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर के कुल 45 सदस्य कार्यालयों एवं उपक्रमों के कार्यालय प्रमुख एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित हुए । बैठक के दौरान भारतीय मानक ब्‍यूरो द्वारा उनके कार्यालय में राजभाषा हिंदी में किए जा रहे कार्यों से संबंधित प्रेज़न्टैशन प्रस्तुत किया गया । इसके साथ ही सभी विशिष्‍ट अतिथियों द्वारा नराकास की हिंदी पत्रिका ‘मुक्‍तांगन’ के तृतीय अंक का विमोचन किया गया । अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ ।