19 किलोमीटर पैदल सफर तय करने के बाद बीएसएफ की मदद से मरीज को अस्पताल पहुंचाया
1 min read
Share this
कांकेर। जिले के नारायणपुर सीमा पर स्थित बीनागुड़ा गांव में एक लकवाग्रस्त मरीज को एंबुलेंस नहीं मिली। इसके बाद गांव के 20 ग्रामीणों ने मरीज को खटिया पर लादकर 19 किलोमीटर पैदल सफर तय किया। उसे चिलचिलाती धूप में छोटेबेठिया बीएसएफ कैंप तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भेजा गया। यह घटना कांकेर जिले के पखांजूर के अंदरूनी गांव से सामने आई है।
लकवाग्रस्त युवक मर्रो पददा को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस को फोन किया गया था। परिजनों ने सुबह 7 बजे से लगातार फोन किया, लेकिन एंबुलेंस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तीन दिन पहले अचानक युवक को लकवा मार गया था। गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़क दोनों ही नदारद हैं। इलाके में 108 एंबुलेंस सेवा अक्सर ठप रहती है, जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने मरीज की जान बचाने के लिए पहाड़ और पथरीले रास्तों से होते हुए छोटेबेठिया बीएसएफ कैंप से मिली मदद ने मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया।
