रेलवे सुरक्षा बल जगदलपुर ने एक महिला यात्री का बैग सुरक्षित वापस लौटाया

1 min read
Share this

जगदलपुर। रेलवे सुरक्षा बल जगदलपुर द्वारा तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित वापस लौटाया है। अपना सामान सुरक्षित पाकर महिला यात्री ने आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया। आरपीएफ जगदलपुर की इस मुस्तैदी भरी कार्रवाई से रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की जिम्मेदारी को लेकर पूरी तरह सजग है। ऐसे प्रयास न केवल यात्रियों में विश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत तस्वीर भी पेश करते हैं।
आरपीएफ के इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि ओडिशा के नबरंगपुर जिले की रहने वाली 28 वर्षीय महिला निबेदिता पांडा अपनी माता के साथ ट्रेन संख्या 18107 से संबलपुर से जगदलपुर की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उनका हरे रंग का ट्रॉली बैग फ्रंट जनरल कोच में ही छूट गया। बैग में कपड़ों के साथ सोने के झुमके रखे हुए थे, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹60 हजार रूपये बताई जा रही है। जैसे ही महिला यात्री द्वारा इसकी सूचना आरपीएफ पोस्ट जगदलपुर को दी गई, तत्काल कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक बी..सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल जे.. मुरली एवं एलसीटी एस.. मरांडी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने संबंधित कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया, इस दौरान उक्त ट्रॉली बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और सत्यापन पूरा कर बैग को उसकी वास्तविक मालिक निबेदिता पांडा को सुपुर्द कर दिया गया।