वर्षों से सड़क की मांग अधर में, वार्ड नंबर 7 शांति नगर के रहवासी परेशान
1 min read
Share this
बीजापुर। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 नगर पालिका कार्यालय के पीछे शांति नगर में सड़क निर्माण की मांग वर्षों से अधूरी पड़ी हुई है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कच्ची और जर्जर सड़क के कारण कीचड़ भर जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव के बाद समस्या जस की तस बनी रहती है। रहवासियों ने चेतावनी दी है, कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में वार्ड नंबर 7 शांति नगर के पार्षद मुन्ना ताती ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण के लिए अनेक बार आवेदन और प्रस्ताव दिया गया है। किंतु अभी तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है। नगरपालिका प्रशासन से इस संबंध में कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है।
