भानुप्रतापपुर उप कोषालय की सेवाएं बंद होने से बढ़ी परेशानी
1 min read
Share this
कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर अंचल में उप कोषालय की सेवाएं प्रभावित होने से आम जनता और शासकीय विभागों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर स्टाम्प और टिकट की उपलब्धता बंद हो जाने से छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को जिला मुख्यालय कांकेर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला कोषालय कांकेर द्वारा जारी निर्देश के बाद भानुप्रतापपुर उप कोषालय में मिलने वाले विभिन्न मुद्रांक स्टाम्प और टिकट अब केवल जिला कोषालय से ही प्राप्त किए जा सकते हैं। इस नई व्यवस्था के चलते स्थानीय स्तर पर इनकी उपलब्धता पूरी तरह बाधित हो गई है। इसका सीधा असर आम नागरिकों के दस्तावेजी कार्यों पर पड़ रहा है, वहीं शासकीय कार्यालयों में भी काम-काज प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में अधिवक्ता राजेश तिवारी ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए उप कोषालय की सेवाओं को पूर्ववत संचालित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि वर्षों से भानुप्रतापपुर में उप कोषालय सुचारू रूप से कार्य कर रहा था, और ऐसी समस्या पहले कभी सामने नहीं आई।
