चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

1 min read
Share this

जगदलपुर। बस्तर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद और गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक को अपने ही माता-पिता को धमकाने और चाकू दिखाकर डराने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और आए दिन नशे की हालत में घर पहुंचकर अपने परिवार के साथ गाली-गलौच और मारपीट करता था। घटना 23 अप्रैल की रात की है, जब युवक नशे में घर पहुंचा और मां द्वारा समझाने पर वह भड़क गया। गुस्से में उसने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार चाकू को लहराकर परिजनों को डराने लगा। इस घटना के बाद परेशान मां ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही उपरांत शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर रवाना किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र में यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि घरेलू हिंसा और गुंडागर्दी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।