पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला करने वाले 5 गिरफ्तार

1 min read
Share this

कांकेर। जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के बदरंगी गांव में पांच युवकों ने पुराने विवाद को लेकर एक महिला के घर में घुसकर तोड़-फोड़ की और उसके पति के साथ मारपीट की। घटना के बाद डरे-सहमें परिजन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाया, पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 5 आरोपियों को आज मंगलवार को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत जेल दाखिल कर दिया है।
कोयलीबेड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया राजेश्वरी कोमरा, निवासी बडग़ांव (बदरंगी), ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अप्रैल को गांव के प्रभुराम आंचला, ललित आंचला, सुनील हिडको, दासू सलाम और अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और प्रार्थिया के पति नोहरू राम कोमरा के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। घर में रखे सामान और खपरैल को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद डरी हुई प्रार्थिया जान बचाकर रिश्तेदार के गांव पहुंची और अगले दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद कर कोयलीबेड़ा थाना में कार्यवाही उपरांत जेल दाखिल कर दिया है।