बस्तर आईटीआई में एससीव्हीटी पूरक परीक्षाएं 1 अप्रैल से

1 min read
Share this

जगदलपुर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बस्तर के प्राचार्य द्वारा दी गई जानकारी अनुसार राज्य व्यावसायिक (एससीव्हीटी) पूरक परीक्षा अप्रैल-2026 के आयोजन की तिथि निर्धारित कर दी गई है, जिसमें पूर्व प्रशिक्षणार्थी शामिल हो सकते हैं। यह परीक्षाएं आगामी 1 अप्रैल से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक संपन्न होंगी, जिसमें बस्तर आईटीआई के विभिन्न व्यवसायों के पात्र पूर्व प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित होकर अपनी योग्यता प्रमाणित कर सकेंगे। इस परीक्षा के दायरे में विभिन्न शैक्षणिक सत्रों के छात्र शामिल होंगे।
विशेष रूप से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में एससीव्हीटी पाठ्यक्रम के अंतर्गत सत्र 2025-2026 में प्रवेशित छह-माही व्यवसाय के नियमित पात्र प्रशिक्षणार्थी इस परीक्षा का हिस्सा बनेंगे। इसके साथ ही, सत्र 2023-2024 एवं सत्र 2024-2025 में प्रवेशित एक-वर्षीय व्यवसाय के छात्र, सत्र 2023-2025 के द्वितीय वर्ष तथा सत्र 2024-2026 में प्रवेशित द्विवर्षीय व्यवसाय के प्रथम वर्ष के छात्रों को भी अपनी पूरक परीक्षा उत्तीर्ण करने का अवसर दिया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हायर सेकेंडरी व आईटीआई संयुक्त अध्ययन योजना के तहत सत्र 2023-2025 में 12वीं उत्तीर्ण कर चुके इंजीनियरिंग व नॉन-इंजीनियरिंग व्यवसायों के पूरक पात्र प्रशिक्षणार्थी भी इस समय-सारणी के अनुसार परीक्षा में बैठ सकेंगे। प्राचार्य डॉ. ए.के. मांडले द्वारा सभी संबंधित छात्रों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखें और परीक्षा से जुड़ी औपचारिकताओं को समय रहते पूर्ण कर लें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक असुविधा से बचा जा सके।

This will close in 0 seconds