इजरायली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का मुख्यालय नेस्तनाबूद
1 min read
Share this
तेहरान(एजेंसी)। ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में बुधवार को इजराइल ने तेहरान स्थित रिवोल्यूशनरी गार्ड्स मुख्यालय पर निशाना साधा और उसे नेस्तनाबूद कर दिया। इस मुख्यालय में कुद्स फोर्स और बासिज अर्धसैनिक बल के कमांड सेंटर स्थित हैं। वहीं युद्ध में अब तक 1,045 लोग मारे गये हैं जिनमें 160 स्कूल के बच्चे भी शामिल हैं। इस युद्ध का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है ईरान ने सभी हवाई अड्डों को बंद कर दिया है।
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा, “कुछ समय पहले, इजरायली वायु सेना ने आईडीएफ (सैन्य) खुफिया जानकारी के सटीक मार्गदर्शन में, पूर्वी तेहरान में एक बड़े सैन्य परिसर को निशाना बनाकर एक व्यापक हमला किया, जिसमें ‘ईरानी सुरक्षा संगठनों के सभी मुख्यालय’ स्थित थे।”
ईरान की ‘फाउंडेशन ऑफ मार्टियर्स एंड वेटरन अफेयर्स’ के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के साथ जारी भीषण युद्ध के पांचवें दिन देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,045 हो गई है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बुधवार, 4 मार्च को पुष्टि की कि यह आंकड़ा उन शवों का है जिनकी पहचान कर ली गई है और उन्हें दफनाने के लिए तैयार किया गया है।
नागरिक हताहतों में मीनाब के एक स्कूल पर हुए हमले में मारे गए लगभग 160 बच्चे भी शामिल हैं, हालांकि अमेरिका और इजरायल ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। संघर्ष का असर पड़ोसी देशों पर भी पड़ा है, जिसमें इजरायल में 11, लेबनान में 50 से अधिक और कुवैत में 6 अमेरिकी सैनिकों सहित कई लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में ईरान के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया है और कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद कर दी गई हैं।
