April 29, 2026

नक्सल मुक्त बस्तर के निर्णायक अभियान से पहले नक्सलियों द्वारा युद्ध विराम का एलान

1 min read
Share this

जगदलपुर। बस्तर से नक्सलवाद के खात्मे को लेकर तय समय सीमा के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को बस्तर नक्सल मुक्त हो जाएगा, चूंकि अब इस तय समय सीमा को खत्म होने में सिर्फ पांच महीने बचे हैं। अभी भी सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और बीजापुर का एक बड़ा हिस्सा नक्सल प्रभावित माना जा रहा है। ऐसे में अब सुरक्षाबलों के द्वारा बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक अभियान शुरू करने जा रही है। बताया जा रहा है कि इस निर्णायक लड़ाई के लिए फोर्स ने पूरी तैयारी कर ली है और नक्सलियों के खिलाफ कभी भी बड़ा ऑपरेशन लांच किया जा सकता है। इस ऑपरेशन की जानकारी राज्य और केंद्रीय गृह मंत्रालय से भी साझा की गई है और दोनों स्थानों से सीधे ऑपरेशन पर नजर रखी जा रही है। हालांकि इस मामले पर अधिकारिक तौर पर बोलने से सभी जिम्मेदार अफसरों ने मना कर दिया है। इसी बीच सुरक्षाबलों के बढ़ते दबाव के चलते छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य में नक्सलियों के तेलंगाना स्टेट कमेटी के जगन ने अगले 6 महीने तक तेलंगाना में युद्ध विराम करने की बात कही है, इसकी पुष्टि हिंदुस्थान समाचार नही करता है । विदित हो कि तेलंगाना स्टेट कमेटी ने इससे पहले मई 2025 के महीने में भी युद्धविराम का ऐलान किया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस निर्णायक अभियान की शुरूआत बीजापुर के करेंगुट्टा की पहाड़ी से की जाएगी। दरअसल, अभी भी बीजापुर जिले के कई ऐसे गांव हैं जहां नक्सलियों का प्रभाव बना हुआ है, खासतौर पर तेलंगाना, महाराष्ट्र बार्डर से सटे गांवों के अलावा टाइगर रिजर्व एरिया वाले गांवों में नक्सलियों का प्रभाव खत्म नहीं हुआ है। जबकि बाकी जिलों में आंशिक रूप से नक्सल समर्थक और नक्सल विचारधारा के लोग बचे हैं, और वे कुछ कर पाने की स्थिति में नहीं हैं । ऐसे में फोर्स ने निर्णायक लड़ाई की शुरूआत बीजापुर से करने का निर्णय लिया है। सूत्र बता रहे हैं कि फोर्स करीब 50 गांवों को लक्ष्य कर यहां ऑपरेशन शुरू करेगी और नक्सलियों को सिर्फ दो विकल्प दिया जाएगा इसमें पहला विकल्प आत्मसमर्पण का है यदि कोई नक्सली आत्मसमर्पण नहीं करेगा तो उनका एनकाउंटर किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य तेलंगाना में स्टेट कमेटी के जगन ने अगले 6 महीने तक तेलंगाना में युद्ध विराम करने की बात कही है, इसकी पुष्टि हिंदुस्थान समाचार नही करता है । तेलुगु भाषा में जारी किए गए इस प्रेस नोट में लिखा है कि पिछले 6 महीने तक राज्य में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए तेलंगांना सरकार ने साथ दिया है, लेकिन केंद्र सरकार माहौल बिगाड़ रही है। प्रेस नोट में आगे लिखा है कि पिछले मई के महीने में हमने युद्धविराम का ऐलान किया था। इन 6 महीनों में हमने योजनाबद्ध तरीकों को लागू किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया कि शांतिपूर्ण माहौल बना रहे। इसलिए अब जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप आने वाले 6 महीनों के लिए युद्ध विराम की घोषणा कर रहे हैं।