May 10, 2026

कुम्हाररास बांध में शुरू हुई बैंबू राफ्टिंग पूरी तरह प्रकृति के अनुकूल, पर्यटकों को मिलेगा लाभ – कश्यप

1 min read
Share this

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के कुम्हाररास जलाशय मे वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने औपचारिक रूप से बैंबू राफ्टिंग का उद्घाटन किया। दंतेवाड़ा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने सरकार एवं जिला प्रशासन की यह अभिनव पहल है। जिससे जिले में रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मंत्री केदार एवं विधायक चैतराम ने बैंबू राफ्टिंग का आनंद लिया।
केदार कश्यप ने कहा कि कुम्हाररास बांध में शुरू हुई बैंबू राफ्टिंग पूरी तरह प्रकृति के अनुकूल है, बांस से निर्मित राफ्ट्स स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हैं। इस नयी गतिविधि से इको-टूरिज़्म को मजबूती मिलेगी; पर्यटक जलाशय की हरियाली, जंगल और जैव विविधता का नजदीकी से अनुभव ले सकेंगे। वन विभाग और जिला प्रशासन ने राफ्टिंग के साथ-साथ जंगल सफारी, होम-स्टे और ट्रेकिंग जैसी गतिविधियों के जरिये स्थानीय सेवाओं को विकसित करने की रूपरेखा तैयार की है, जिससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होने कहा कि दंतेवाड़ा एडवेंचर र्पयटन का नया डेस्टिनेशन बन रहा है। आज बैंबू राफ्टिंग की शुरुआत हुई है, इसके अलावा अन्य पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जा रहा जिसका लाभ आने वाले दिनों में पर्यटकों को मिलेगा।
विधायक चैतराम अतामी ने कहा कि कुम्हाररास में यह पहल दंतेवाड़ा के समग्र विकास की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने वन मंत्री केदार कश्यप और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग की प्रशंसा की और आश्वस्त किया कि स्थानीय समुदायों को लाभान्वित करने वाले और अधिक प्रोजेक्ट शीघ्र शुरू किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के अफसरों का कहना है कि, बैंबू राफ्टिंग वन विभाग और जिला प्रशासन के प्रयासों का हिस्सा है। अन्य परियोजनाओं में वन मंदिर निर्माण, दंतेश्वरी मंदिर का जीर्णोद्धार, ढोलकाल का कायाकल्प तथा बारसूर में विभिन्न प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार शामिल है। इन पहलों से न केवल धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण होगा, बल्कि पर्यटन को भी मजबूती मिलती है। यह पहल प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पर्यटन-विकास के विजन को मूर्त रूप देती है। शासन के निर्देशों एवं स्थानीय नेतृत्व के समन्वय से दंतेवाड़ा को एक प्रमुख पर्यटक गंतव्य के रूप में विकसित करने का लक्ष्य स्पष्ट होता दिख रहा है। कार्यक्रम में विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, कलेक्टर दंतेवाड़ा, डीएफओ दंतेवाड़ा, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।