प्राथमिक शाला पखनाबेड़ा में शिक्षक उपस्थित नहीं रहते, अभिभावकों में आक्रोश
1 min read
Share this
कोंडागांव। जिले के ग्राम पंचायत करमरी के प्राथमिक शाला पखनाबेड़ा में शिक्षक कभी उपस्थित नहीं रहते है। इस स्कूल का हाल यह है कि बच्चे स्कूल आते है। स्वयं से प्रार्थना करते है और बैग उठाकर वापस घर चले जाते हैं। 11 अक्टूबर को सामने आए एक वीडियो से इस स्थिति का पता चला है, कि बच्चे पिछले कई दिनों से ऐसा कर रहे है। कई बार बच्चे स्वयं ही छुट्टी की घंटी बजाकर स्कूल छोड़ देते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन उनकी उपस्थिति अनियमित है। वे अक्सर स्कूल नहीं आते या दोपहर 3 बजे से पहले ही चले जाते हैं । इससे बच्चे बिना किसी देख-रेख के अकेले रह जाते हैं। हाल ही में वायरल हुए वीडियो में बच्चे शिक्षकों की गैरमौजूदगी में प्रार्थना कर स्कूल बंद करते और घर लौटते दिख रहे हैं । गांव के अभिभावकों और ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल जांच एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिक्षक व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे स्कूल के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।
बीईओ सुखराम देवांगन और बीआरसी ताहिर खान ने बताया कि जानकारी मिलते ही वे जांच के लिए स्कूल पहुंचे हैं। उन्होंने पुष्टि की कि प्राथमिक शाला में 11 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं , इसके लिए दो शिक्षक पदस्थ हैं, जिनके स्कूल न आने की शिकायतें मिली हैं। उन्होने ग्रामीणों और पालकों से बात की है और कहा है कि यह एक गंभीर मामला है, जिसमें दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
