पितर मोक्ष अमावस्या पर की गई पितरों की विशेष पूजा श्री दूधाधारी मठ में
1 min readShare this
रायपुर। श्री दूधाधारी मठ में पितर मोक्ष के अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना की गई। महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने प्रात: 6 बजे महादेव घाट खारून नदी पहुंचकर मठ मंदिर के पूर्वाचार्यों का तर्पण किया, 7 बजे उन्होंने मठ पहुंचकर हवन का कार्य पूर्ण किया तत्पश्चात भोग भंडारा का कार्य पूर्ण होने पर भगवान एवं पितरों को भोग अर्पण किया गया। श्रद्धालु भक्तों ने मठ मंदिर में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भोजन प्रसाद प्राप्त किया।
पितरों को बिदाई दी गई। महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त जी महाराज ने अपने संदेश में कहा है कि भाद्रपद पूर्णिमा से लेकर आश्विन कृष्ण पक्ष अमावस्या तक भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म में पितर पक्ष के रूप में मनाने की परंपरा रही है। इन 15- 16 दिनों में हमारे पितर जिस तिथि को गमन किए रहते हैं उस तिथि को पधारते हैं। उन्होंने जो मार्ग हमें दिखाया है उस पर हम चल पा रहे हैं या नहीं इसे देखते हैं। उन्हें जब यह महसूस होता है कि हम उनके बताए हुए रास्तों का अनुसरण रहे हैं तब प्रसन्न होकर हमें आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

